Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
नागौर जिले में क्रूजर एवं ट्रेलर की भीषण टक्कर में 12 की मौत, 6 घायल - Sabguru News
होम Breaking नागौर जिले में क्रूजर एवं ट्रेलर की भीषण टक्कर में 12 की मौत, 6 घायल

नागौर जिले में क्रूजर एवं ट्रेलर की भीषण टक्कर में 12 की मौत, 6 घायल

0
नागौर जिले में क्रूजर एवं ट्रेलर की भीषण टक्कर में 12 की मौत, 6 घायल

नागौर। राजस्थान में नागौर जिले के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र में आज सुबह क्रूजर एवं ट्रेलर की भीषण टक्कर में दो बच्चों एवं आठ महिलाओं सहित बारह लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए।

थानाधिकारी लालचंद मीणा ने बताया कि मध्यप्रदेश के रहने वाले ये लोग देव दर्शन के बाद अपने घर जा रहे थे कि सुबह करीब सात बजे उनकी क्रूजर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 62 पर बाईपास के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि आठ लोगों की मौके पर मृत्यु हो गई।

मीणा ने बताया कि घायलों को बीकानेर जिले के नोखा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां चार लोगों ने और दम तोड़ दिया। घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि ये लोग मध्यप्रदेश के उज्जैन में सजनखेड़ाव एवं आस पास के अन्य गांवों से बताए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताते हुए कहा कि भीषण सड़क हादसे में मध्यप्रदेश लौट रहे इन दर्शनार्थियों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल दें एवं दिवंगत की आत्माओं को शांति प्रदान करें। गहलोत ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी हादसे पर दुख जताया और कहा कि हादसे में मध्यप्रदेश के इन श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा परिजनों को इस आघात को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने हादसे के घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के नागौर में भीषण सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है।प्रधानमंत्री ने मंगलवार को एक ट्वीट संदेश में कहा कि राजस्थान के नागौर में हुआ भीषण सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। जिन लोगों को इस दुर्घटना में जान गंवानी पड़ी है, मैं उन सभी के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

शिवराज ने प्रदेश के 11 नागरिकों की मृत्यु पर जताया शोक

राजस्थान के नागौर जिले में आज सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के 11 श्रद्धालुओं की मृत्यु की घटना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।

चौहान ने ट्वीट में लिखा है ‘राजस्थान के नागौर स्थित श्रीबालाजी के पास भीषण सड़क हादसे में उज्जैन के 11 भाई बहनों के असमय निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ऊं शांति।’ चौहान ने प्रभावितों की समुचित मदद के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।