

भुवनेश्वर। ओडिशा के गजपति जिले के बारघरा गांव में भूस्खलन से शुक्रवार को 12 लोगों की मौत और तीन के घायल हो जाने की घटना के मद्देनजर राज्य सरकार ने डॉक्टरों की एक टीम शनिवार को वहां भेजी है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि गजपति जिले के रायगडा विकासखंड के गंगावाडा पंचायत के तहत बारघरा गांव में शुक्रवार को भूस्खलन की चपेट में आने से 12 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
मुख्य सचिव एपी पाधी ने बताया कि घटनास्थल पर भेजी गई टीम में गजपति जिले के पुलिस अधीक्षक, उप कलेक्टर, डॉक्टर और अन्य अधिकारी शामिल हैं। यह टीम सुबह घटनास्थल की ओर रवाना हो गई।
पाधी ने बताया कि भूस्खलन वाले क्षेत्र गजपति जिले में आंध्र प्रदेश में श्रीकाकुलनम जिले की सीमा की ओर रायगाडा ब्लॉक में स्थित है और यह दुर्गम स्थान है। टीम को घटनास्थल पर पहुंचने के लिए पेड़ों को काटकर 17 किलाेमीटर से ज्यादा सफर तय करना पड़ा।
मुख्य सचिव ने बताया टीम के रिपोर्ट सौंपने के बाद ही हताहतों के बारे में सही जानकारी मिल पाएगी। इस बीच, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गजपति, गंजम और रायगढ़ जिलों में बाढ़ की स्थिति को जानने के लिए हवाई सर्वेक्षण किया और भूस्खलन में मारे गए लोग के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया। पटनायक ने कहा सरकार इस हृदय विदारक हादसे की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री आज शाम तक बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए पैकेज की घोषणा करेंगे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 11 अक्टूबर की सुबह ओडिशा के तट पर चक्रवाती तूफान तितली के पहुंचने से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और भूस्खलन की चपेट में आने से पांच बच्चों सहित कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और चार लोग अभी भी लापता हैं।