

लॉस एंजेलिस। अमरीका के लॉस एंजेलिस के साल्वाडोर कास्त्रो मिडल स्कूल की एक कक्षा में हुई गोलीबारी में पांच घायल हो गए। लॉस एंजेलिस पुलिस विभाग के अनुसार इस हमले में एक 15 वर्षीय लड़के के सिर में गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है जबकि 15 वर्षीया लड़की के बाजू में गोली लगी है, हालांकि, उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
लॉस एंजेलिस स्कूल पुलिस प्रमुख स्टीव जिपरमैन ने बताया कि स्कूल की एक कक्षा में गुरुवार सुबह लगभग नौ बजे यह गोलीबारी हुई। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और कमरों और स्कूल परिसर की तलाशी ली।
इस गोलीबारी में तीन और बच्चे घायल हुए हैं। इसमें दो बच्चे और एक 30 वर्षीय महिला है।पुलिस ने एक लड़की को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध एक 12 वर्षीय छात्र है, पुलिस ने वारदात में शामिल हथियार बरामद कर लिया है।