

अमृतसर | पंजाब के अमृतसर में सोमवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में दो परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस अधीक्षक (डी) हरपाल सिंह ने बताया कि दिल्ली से अमृतसर घूमने आए दो परिवारों की कार अमृतसर-जालंधर मुख्यमार्ग पर स्थित गांव फत्तूवाल के पास खड़े टिप्पर ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक बच्चा शामिल है।
मृतकों की पहचान अरविंद शर्मा निवासी विपन गार्डन उत्तम नगर दिल्ली, अरविंद की पत्नी सविता शर्मा, अरविंद की बेटी मनी शर्मा, अरविंद का बेटा शिवांश शर्मा, सुनील निवासी झझर हरियाणा, सुनील की पत्नी पूनम तथा उनके बच्चे के रूप में हुई है। जबकि एक बच्चा सोनू घायल हो गया है।
सिंह ने बताया कि ये दोनों परिवार अमृतसर घूमने आए थे। दिल्ली वापिस लौटते समय आज सुबह करीब छह बजे इनकी कार एक ढाबे के बाहर खड़े ट्रक से टका गयी। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों की पहचान कर परिजनों को सूचित कर दिया गया है।