
अलवर। अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र के एनईबी विस्तार कोलोनी में बदमाश घर में अकेली 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर लूटकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी सुबह काम पर आने वाली बाई के दरवाजा खटखटाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुलने पर हुई। मौके पर पहुंची पुलिस को बुजुर्ग महिला तारा गुप्ता का शव बिस्तरों में पड़ा हुआ मिला। बुजुर्ग महिला के हाथ बंधे और उसके कान कटे हुए थे।
बताया जाता है कि बुजुर्ग महिला के कानों के कुंडल, सोने की अंगूठी और हाथों की सोने की चूड़ियां गायब मिली है। इसके अलावा 14 हजार नकद रुपए भी चोरी किए गए हैं।
पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड को बुलाया और एफएसएल की टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी है। एनईबी थाना पुलिस ने मृतका के बेटे को सूचना दी है। मृतका का बेटा दिल्ली में रहता है। परिजन अलवर पहुंच गए हैं।