Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
नागालैंड विधानसभा चुनाव : 75 प्रतिशत मतदान - Sabguru News
होम Headlines नागालैंड विधानसभा चुनाव : 75 प्रतिशत मतदान

नागालैंड विधानसभा चुनाव : 75 प्रतिशत मतदान

0
नागालैंड विधानसभा चुनाव : 75 प्रतिशत मतदान
polling for nagaland assembly election
polling for nagaland assembly election
polling for nagaland assembly election

नई दिल्ली। नागालैंड विधानसभा की सभी 60 सीटों के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच 75 प्रतिशत मतदान हुआ।

उपचुनाव आयुक्त सुदीप जैन ने बताया कि अपराह्न चार बजे मतदान की अवधि समाप्त होने तक 11 लाख 91 हजार 353 मतदाताओं में से 75 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

उन्होंने बताया कि चार बजे के बाद भी 500 से अधिक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी थीं और इस कारण मतदान प्रतिशत में थोड़ी वृद्धि हो सकती है।

वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत 90.57 था, जबकि 2014 के लोकसभा चुनाव में यह आंकड़ा 88.2 फीसदी था।

उन्होंने बताया कि एक मतदान केंद्र पर सुबह करीब पौने छह बजे कुछ असामाजिक तत्वों ने देसी बम विस्फोट किया, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ। एक अन्य मतदान केंद्र पर दो राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। बाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच 2196 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे शुरू हुआ था। चुनाव मैदान में कुल 195 प्रत्याशी हैं, जिनमें पांच महिलाएं हैं।

कुल उम्मीदवारों में नागालैंड पीपुल्स फ्रंट के 58, भारतीय जनता पार्टी के 20, कांग्रेस के 18, जनता दल यू के 13, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के छह और 11 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। नागालैंड में छह लाख एक हजार 707 पुरुष और पांच लाख 89 हजार 806 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

जैन ने बताया कि इस चुनाव में शत-प्रतिशत मतदाताओं को पहचान पत्र जारी किए गए थे, इनमें एक लाख 87 हजार 294 मतदाता 18 से 25 वर्ष आयुवर्ग के हैं। मतदान के दौरान 19 बैलेट यूनिट (0.8 प्र.श.), 21 कंट्रोल यूनिट (एक प्र.श.) और 51 वीवीपैट यूनिट (2.4 प्र.श.) में मामूली तकनीकी गड़बड़ी की शिकयतें मिली, जिन्हें मौके पर ही दुरुस्त कर लिया गया।