Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
झांसी में होली के रंग में पड़ा भंग, विहिप व भाजपा के लोगों ने घेरा थाना - Sabguru News
होम Breaking झांसी में होली के रंग में पड़ा भंग, विहिप व भाजपा के लोगों ने घेरा थाना

झांसी में होली के रंग में पड़ा भंग, विहिप व भाजपा के लोगों ने घेरा थाना

0
झांसी में होली के रंग में पड़ा भंग, विहिप व भाजपा के लोगों ने घेरा थाना
jhansi sadar bazar police station
jhansi sadar bazar police station
jhansi sadar bazar police station

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में होली के मौके पर शुक्रवार को रंग में भंग डालते हुए विश्व हिंदू परिषद और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने थाने में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ भी की।

हंगामा उस समय शुरू हुआ, जब विहिप और भाजपा के कार्यकर्ता सदर बाजार में होली मिल रहे थे। उनका आरोप है कि थानाध्यक्ष ने उन्हें ऐसा करने से रोका और विहिप एवं मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। इसके बाद मामला भड़क गया। उधर, थाने में हुई तोड़फाेड़ के बाद प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

वहीं भाजपा के विधायक व अन्य नेता भी एकत्र हो गए और थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। फिलहाल अधिकारियों की मंथन बैठक चल रही है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

होली के दिन सुबह से रंग-गुलाल उड़ाया जा रहा था। लोग एक-दूसरे के गले लगकर शुभकामनाएं दे रहे थे। सदर बाजार में भी लोग एक-दूसरे के साथ हंसी-खुशी होली मना रहे थे। सदर बाजार निवासी विहिप कार्यकर्ता रमेश शरण अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत करते हुए कहा कि वह व अन्य कार्यकर्ता हर बार की तरह इस बार भी बाजार में सभी से होली मिल रहे थे। इसी दौरान थानाध्यक्ष सदर बाजार ज्ञानेंद्र कुमार ने उन्हें ऐसा करने से रोका।

शरण ने आरोप लगाया कि थानेदार से जब आग्रह किया गया कि वे सभी शांति पूर्वक होली मिल रहे हैं, कार्यकर्ता हैं, तो वे भड़क उठे और थानाध्यक्ष ने आरएसएस व मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गलत टिप्पणी की। इससे कार्यकर्ता भड़क उठे। इसके बाद सदर बाजार के थानाध्यक्ष वहां से थाने चले गए।

दूसरी ओर, कार्यकर्ताओं ने इस घटना की सूचना अपने जनप्रतिनिधियों व नेताओं को दी और सभी एकत्र होकर थाने पहुंच गए। थाने पहुंचने पर फिर थानाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से दुर्व्यवहार किया। रमेश शरण ने पुलिस अधिकारियों से थानाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

उधर, प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि थाना परिसर में पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरूकर दिया और वहां तोडफ़ोड़ कर दी। इस दौरान हंगामा करने वालों ने थाने में लगा टीवी का वायर, गमले, फर्नीचर आदि तोड़ दिया।

मामले की सूचना पाकर मौके पर कमिश्नर कुमुदलता श्रीवास्तव, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) जवाहर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जेके शुक्ल के अलावा अन्य अधिकारी व कई थानों का पुलिस बल पहुंच गया और हंगामा कर रहे लोगों को किसी प्रकार शांत कराया गया।

डीआईजी जवाहर ने बताया कि होली मिलने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर कुछ बच्चे छत पर चढ़कर पानी व रंगों से भरे गुब्बारे फेंक रहे थे। इसका थानाध्यक्ष ने विरोध किया और बच्चों को ऐसा करने से रोकने की कोशिश की। इस पर कार्यकर्ता भड़क उठे और उनके व थानाध्यक्ष के बीच वाद-विवाद हो गया। थानाध्यक्ष वहां से सदर बाजार थाने पहुंच गए। उधर, सभी कार्यकर्ता भी थाने आ गए और यहां उनका पुलिस से फिर विवाद हो गया। इस पर कार्यकर्ताओं ने तोड़फ़ोड़ कर दी।

डीआईजी के अनुसार थानाध्यक्ष सदर बाजार ज्ञानेंद्र कुमार को भाजपा नेताओं की शिकायत पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। समाचार लिखे जाने तक सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी थाना परिसर में बैठक कर रहे थे। उधर, हंगामे की सूचना मिलते ही भाजपा के पूर्व मंत्री रविंद्र शुक्ला, सदर विधायक झांसी रवि शर्मा, विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा आदि भी सदर बाजार थाने पहुंच चुके थे।