Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
तूफान में सांप और छछूंदर का साथ अचरज की बात नहीं : योगी आदित्यनाथ - Sabguru News
होम Breaking तूफान में सांप और छछूंदर का साथ अचरज की बात नहीं : योगी आदित्यनाथ

तूफान में सांप और छछूंदर का साथ अचरज की बात नहीं : योगी आदित्यनाथ

0
तूफान में सांप और छछूंदर का साथ अचरज की बात नहीं : योगी आदित्यनाथ
Yogi adityanath calls SP-BSP pre-poll alliance 'unnatural relation'

गोरखपुर। गोरखपुर और फूलपुर संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में बहुजन समाज पार्टी द्वारा समाजवादी पार्टी प्रत्याशियों को समर्थन दिए जाने पर तंज कसते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि तूफान देख कर सांप छछूंदर जैसे जानी दुश्मनों का एक किश्ती में सवार होना अचरज की बात नही है।

गोरखपुर संसदीय क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी उपेन्द्र दत्त शुक्ल के समर्थन में योगी ने पिपराइच विधान सभा के जीतपुर बाजार में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा के बढ़ते हुए तूफान से डरकर सांप और छछुन्दर एक साथ हो गए हैं। सबको पता है कि स्टेट गेस्ट हाउस कांड किसने करवाया था और लखनऊ में बने स्मारकों को ध्वस्त करने की चेतावनी किसने दी थी।

योगी ने कहा कि आप लोग पांच बार हमें सांसद बनाया जिसका परिणाम यह रहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमें मुख्यमंत्री बनाया। पूरे देश में भाजपा की लहर चल रही है और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और फूलपुर संसदीय क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव में पार्टी बहुमत से जीत हासिल करेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास का कार्य शुरू हुआ है और लक्ष्य बडा है जिसे पाने के लिए सभी के सहयोग चाहिए। शुक्ल उनके प्रतिनिधि और निष्ठावान कार्यकर्ता है। उन्होंने टिकट नहीं मांगा है मगर पार्टी ने वरिष्ठतम एवं कर्मठ कार्यकर्ता को टिकट देकर कार्यकर्ताओं का सम्मान बढाया है, इसलिए वर्ष 2014 में हुए संसदीय चुनाव में हमे मिले मतों से अधिक मत शुक्ला को दिलाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जातिवाद पर नहीं विकास के मुददों पर चुनाव लडेगी। जातिवादी राजनीति से विकास नहीं होता है और यदि हम जाति के बंटे रहेंगे तो जीतने वाला तो जीतेगा लेकिन हम हार जाएंगे। इस स्थिति में विकास न होने की कीमत सभी को चुकानी पडेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास का काम तेजी से चल रहा है।

योगी ने कहा कि पिपराइच क्षेत्र के विकास के लिए कितनी लडाई लडनी पडी, यह किसी से छिपा नहीं है। क्षेत्र की जनता का पांच बार का उन पर कर्ज है, इसे उतारने के लिए वह यहां आये हैं और बाद में भी आते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के गोरखपुर और फूलपुर संसदीय क्षेत्र में उपचुनाव हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संचालित कल्याणकारी विकास योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाने की आवश्यकता है और दावा किया कि इस दोनो संसदीय क्षेत्र में हो रहे उप चुनाव में भाजपा दोनों पर जीत हासिल करेगी।

योगी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 11 माह में उत्तर प्रदेश को बीमारू से सर्वोत्तम प्रदेश बनाने की शुरूआत कर दी है। यहां के युवाओं को हुनरमंद बनाकर ही तरक्की के रास्ते खोजे जा रहे हैं। भारत विश्व का सबसे युवा देश और उत्तर प्रदेश सबसे युवा प्रदेश है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने किसी गांव के लिए नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए चार लाख 28 हजार करोड रूपये का बजट तैयार कराया है। परिवारवाद से देश नहीं चलता है और जो लोग नौजवान की नौकरी में भ्रष्टाचार किया तो उनकी जगह जेल है।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के साथ गोरखपुर का विकास होगा। समाजवादी पार्टी चीनी मिल बेंचती थी, कांग्रेस बन्द करती थी और हम चीनी मिल खोलने आये हैं तथा विकास की बात करते हैं मगर प्रदेश की पिछली सरकार विकास का कोई बात नहीं करती थी। प्रदेश का विकास हो यही प्रधानमंत्री मोदी की अभिलाषा है और वे पूरा सहयोग कर रहे हैं। विकास, रोजगार, खुशहाली देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।