Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
क्रिस्टियानो रोनाल्डो के चार गोल से रियाल की आसान जीत - Sabguru News
होम Sports Football क्रिस्टियानो रोनाल्डो के चार गोल से रियाल की आसान जीत

क्रिस्टियानो रोनाल्डो के चार गोल से रियाल की आसान जीत

0
क्रिस्टियानो रोनाल्डो के चार गोल से रियाल की आसान जीत
Cristiano Ronaldo, 8 games scoring four or more goals for Real Madrid
Cristiano Ronaldo, 8 games scoring four or more goals for Real Madrid
Cristiano Ronaldo, 8 games scoring four or more goals for Real Madrid

मैड्रिड। दिग्गज फुटबालर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने स्पेनिश लीग मुकाबले में गिरोना के खिलाफ चार गोल ठोकते हुए रियाल मैड्रिड को 6-3 से आसान जीत दिला दी।

पुर्तगाली फुटबालर ने पहले हाफ में एक गोल किया जबकि दूसरे हाफ में तीन गोल दाग दिए जिसके साथ उनके प्रत्येक प्रतिस्पर्धाओं को मिलाकर आखिरी 11 मैचों में 21 गोल हो गए हैं। रोनाल्डो ने यहां बेर्नाबियू स्टेडियम में हुए मैच में लुकास वाज़क्वेज़ के गोल में भी मदद की। रियाल के लिए अन्य गोल गेराथ बेल ने किया।

रोनाल्डो ने मैच में पहले हाॅफ में टोनी क्रुस के पास पर 11वें मिनट में पहला गोल किया। दूसरे हाफ में उन्होंने 47वें और 67वें मिनट में अपना तीसरा गोल दागा। उन्होंने इंजरी टाइम में क्रुस के पास पर अपना चौथा गोल किया।

स्टार फुटबालर ने 59वें मिनट में लुकास के गोल में सहयोग किया जबकि बेल ने 86वें मिनट में रियाल के लिये गोल दागा। गिरोना के लिए क्रिस्टियन स्तुआनी ने दो गोल किए। उन्होंने पहले हाफ में गोल करने के बाद 67वें मिनट में दूसरा गोल हैडर से कर स्कोर 4-2 किया। वहीं डिफेंडर जुआनपे रामिरेज ने 88वें मिनट में तीसरा गोल किया।

रोनाल्डो ने अपने आखिरी आठ मैचों में कम से कम एक गोल किया है। उनके नाम अब लीग सूची में 22 गोल दर्ज हो गए हैं जो बार्सिलोना के लुईस सुआरेज़ से एक अधिक है जबकि वह अर्जेंटीना के लियोनल मैसी से तीन गोल पीछे हैं जो लीग में सर्वाधिक गोल के मामले में शीर्ष पर आ गए हैं।

मैड्रिड के डिफेंडर नाचो फर्नांडिज़ ने कहा कि रोनाल्डो कमाल के खिलाड़ी हैं। उन्होंने फिर साबित कर दिया कि वह सर्वश्रेष्ठ हैं। मैड्रिड की यह सभी प्रतिस्पर्धाओं में लगातार चौथी जीत भी है जिसने फिर से वेलेंशिया को पछाड़ तीसरा स्थान हासिल कर लिया है।

गत चैंपियन का अब दूसरे स्थान की एटलेटको मैड्रिड से चार अंक का अंतर रह गया है जिसे अन्य मैच में विलारियल से 1-2 से हार झेलनी पड़ी। मैड्रिड अभी लीग की शीर्ष टीम बार्सिलोना से 15 अंक पीछे है जिसने कैंप नू स्टेडियम में एथलेटिक बिलबाओ को 2-0 से हराया।