Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कर्नाटक : राहुल गांधी ने फिर किया पीएम मोदी पर हमला - Sabguru News
होम Karnataka Bengaluru कर्नाटक : राहुल गांधी ने फिर किया पीएम मोदी पर हमला

कर्नाटक : राहुल गांधी ने फिर किया पीएम मोदी पर हमला

0
कर्नाटक : राहुल गांधी ने फिर किया पीएम मोदी पर हमला
congress president rahul gandhi
congress president rahul gandhi
congress president rahul gandhi

उडुपी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें किसान विरोधी करार दिया और उन पर अपने वादे पूरे न करने का आरोप लगाया।

गांधी ने कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपने तीसरे चरण की यात्रा की शुरुआत पाडुबीदरी से करते हुए कहा कि श्री मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने से पहले पहाड़ जितने बड़े वादे किए थे लेकिन उन्हें महज तिल बराबर पूरा किया। उन्होंने कहा कि मोदी ने अपने वादे पूरे नहीं किए। उन्हें कर्नाटक की कांग्रेस सरकार से सीखना चाहिए जिसने अपने सभी वादे पूरे किए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने उन संकटग्रस्त किसानों की भी मदद नहीं की जो सरकार से अपने उत्पादों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने साबित कर दिया है कि उनकी सरकार किसान विरोधी है। उन्होंने सवाल किया कि मोदी किसानों की समस्याओं पर चुप्पी क्याें साधे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी को 12वीं शताब्दी के संत बासवान्ना के उपदेशों का पालन करना चाहिए जिन्होंने कहा था कि हर व्यक्ति को अपने उपदेशों के अनुसार आचरण करना चाहिए। गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री बासवन्ना का गुणगान तो करते हैं लेकिन उनके उपदेशों का पालन नहीं करते।

उन्होंने लोगों को एकजुट करने के लिए उडुपी निवासी नारायण गुरु की सराहना करते हुए कहा कि माेदी भी इनकी प्रशंसा करते हैं लेकिन उनकी पार्टी धर्म के आधार पर लोगों को बांटने का काम कर रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी को किसानों की दयनीय स्थिति से कोई सहानुभूति नहीं है लेकिन उन्होंने अमीर कारोबारियों को 2.5 लाख करोड़ के ऋण देने की मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि मोदी को अब यह समझ जाना चाहिए कि कोई एक व्यक्ति देश को आगे नहीं ले जा सकता।