Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कांग्रेस में नेतृत्व का संकट : मदनलाल सैनी
होम Breaking कांग्रेस में नेतृत्व का संकट : मदनलाल सैनी

कांग्रेस में नेतृत्व का संकट : मदनलाल सैनी

0
कांग्रेस में नेतृत्व का संकट : मदनलाल सैनी
Congress confused on Leadership says BJP state president Madan Lal Saini
Congress confused on Leadership says BJP state president Madan Lal Saini
Congress confused on Leadership says BJP state president Madan Lal Saini

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी ने कांग्रेस में नेतृत्व संकट बताते हुए दावा किया है कि भाजपा विकास एवं अपने लाखों कार्यकर्ताओं की निस्वार्थ समर्पित मेहनत के कारण आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर अपना परचम फहराएगी।

सैनी ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत बड़े पेड़ के खोखले तने की तरह हो गई है। इनके नेताओं का आपसी व्यवहार स्वस्थ लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक है। कांग्रेस में नेतृत्व का संकट कायम है और भाजपा सरकार के पास मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के रूप में सर्वमान्य नेतृत्व है। भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता से कोई भी मुकाबला नहीं कर सकता है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में इन्हीं लाखों कार्यकर्ताओं की निस्वार्थ समर्पित मेहनत के बूते पर भाजपा जनता जनार्दन का आशीर्वाद पाकर विधानसभा चुनाव में एक बार पुनः अपना परचम फहरायेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा कोई भी हो, अच्छी ही रहती है। देश में यात्राओं का बहुत महत्व रहा है। विभिन्न यात्राओं ने देश को एक सूत्र में बांधा है।

उन्होंने कहा कि राजे के नेतृत्व में कल प्रारम्भ होने वाली ‘राजस्थान गौरव यात्रा’ के माध्यम से जहां कार्यकर्ताओं से मिला जायेगा वहीं राज्य की आमजनता से भी मिलकर उन्हें भाजपा सरकार द्वारा किये गये जनहितकारी कार्यों का ब्यौरा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस अवसर पर लोगों को ब्यौरा देकर वर्तमान सरकार के कार्यों की पिछली सरकारों से तुलना करने का आग्रह किया जायेगा। जब यह तुलना होगी तो स्पष्ट रूप से सभी को नजर आएगा कि भाजपा जनहितकारी कार्यों को करने में अग्रणी है।

सैनी ने कहा कि इसके बाद लोगों की यह सोच परिपक्व होगी कि अच्छा काम करने वाली सरकार को मत देना चाहिए एवं काम नहीं करने वाले को नकारना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली, पानी, सिंचाई, कर्मचारियों के प्रमोशन, किसानों से सम्बन्धित मामले आदि विषयों पर भाजपा के कार्यकाल में सबसे ज्यादा सकारात्मक कार्य हुआ है।

जनता के सामने इस यात्रा के माध्यम से इन सभी कार्यों को रखेंगे और राजस्थान के अनवरत विकास के लिए जनता का एक बार फिर आशीर्वाद लेकर विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनाई जाएगी।