Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Bhopal was once again a shame, the sexual abuse of Divyang children in Shelter Home-भोपाल में मूक बधिरों के यौन शोषण पर आश्रम संचालक अरेस्ट - Sabguru News
होम Madhya Pradesh Bhopal भोपाल में मूक बधिरों के यौन शोषण पर आश्रम संचालक अरेस्ट

भोपाल में मूक बधिरों के यौन शोषण पर आश्रम संचालक अरेस्ट

0
भोपाल में मूक बधिरों के यौन शोषण पर आश्रम संचालक अरेस्ट

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में करीब एक महीने पहले दिव्यांगों के साथ दुष्कर्म के सनसनीखेज प्रकरण के बाद शुक्रवार को फिर सामने आए मूक बधिर विद्यार्थियों के यौन शोषण के एक अन्य मामले में दिव्यांग आश्रम के संचालक सहित तीन लोगों को आज गिरफ्तार कर लिया गया है।

भोपाल के पुलिस उप महानिरीक्षक धर्मेंद्र चौधरी ने आरोपी एमपी अवस्थी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अवस्थी के साथ उसके भाई और एक अन्य को भी गिरफ्तार किया गया है।

भोपाल के अलग-अलग थानों में निजी दिव्यांग आश्रम के संचालक सहित अन्य पर तीन मामले दर्ज किए गए हैं। उसके खिलाफ टी टी नगर थाने में दुष्कर्म, अप्राकृतिक कृत्य आदि धाराओं में दो मामले शून्य का कायम किए गए हैं, वहीं खजूरी थाने में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो), छेड़छाड़ आदि धाराओं पर प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

भोपाल के खजूरी थाना क्षेत्र के बैरागढ़ कला स्थित साई दिव्यांग अश्राम और होशंगाबाद में बंद हो चुके आश्रम के चार लड़कों और दो लड़कियों ने अवस्थी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।

टीटी नगर थाने के नगर निरीक्षक (टीआई) आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि होशंगाबाद और खजूरी थाना क्षेत्रों के मामले होने से दोनों मामलों में शून्य पर कायमी करते हुए डायरी वहां भेज दी गई है। इससे पहले पीड़ितों के बयान लिए गए और उनका मेडिकल कराया गया। बैरागढ़ कला स्थित आश्रम से भी कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं।

श्रीवास्तव ने बताया कि एम पी अवस्थी के साथ उसके काम में सहयोग पर दोनों मामलों में अलग-अलग कविता और मीना नामक महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। ये सभी मामले वर्ष 2004 से लेकर 2011 के बीच के हैं। तब पीड़ित अवस्थी के आश्रम में रहे हैं।

खजूरी के टीआई हरिशंकर पांडे ने बताया कि अवस्थी के साथ एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अवस्थी को कल रात ही पुलिस थाने में बैठा लिया था और उससे पूछताछ की जा रही थी।

इधर, प्रदेश महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण मंत्री गोपाल भार्गव के बंगले के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचीं। उन्होंने भार्गव के इस्तीफे की मांग की।

पीड़ित कल सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ के साथ सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण विभाग के कार्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने विभाग के संचालक कृष्ण गोपाल तिवारी से मुलाकात कर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी। लड़कियों ने आरोप लगाया था कि अवस्थी ने उनके साथ दुष्कर्म किया और लड़कों ने यौन शोषण एवं अप्राकृतिक कृत्य की शिकायत की थी। काफी समय तक उनका यौन शोषण किया गया।

मूक बधिर बच्चों के सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण विभाग पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा भी वहां पहुंच गईं थी। शाम को वे पीड़ितों को लेकर टीटी नगर थाने पहुंची और देर रात तक मामला दर्ज होने तक वही डटी रही थीं।

लगभग एक महीने पहले भी भाेपाल में इस तरह का एक अन्य मामला सामने आया था। भोपाल के अवधपुरी इलाके में दिव्यांग छात्रावास के संचालक अश्विनी शर्मा को पुलिस ने धार जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने एक पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म, जबकि इंदौर जिले की हीरानगर थाना पुलिस ने दो बहनों की शिकायत पर छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत, तो एक पीड़ित युवती की शिकायत पर कुकर्म, दुष्कर्म और अन्य धाराओं में गिरफ्तार किया था। अश्विनी इन दिनों जेल में है।