Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sharad Yadav visits alwar-राजस्थान में कांग्रेस से गठबंधन पर चर्चा : शरद यादव - Sabguru News
होम Rajasthan Alwar राजस्थान में कांग्रेस से गठबंधन पर चर्चा : शरद यादव

राजस्थान में कांग्रेस से गठबंधन पर चर्चा : शरद यादव

0
राजस्थान में कांग्रेस से गठबंधन पर चर्चा : शरद यादव

अलवर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता दल के राष्ट्रीय नेता शरद यादव ने रविवार को अलवर के बीबीरानी में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस से गठबंधन करने की चर्चा की जा रही है लेकिन अभी इस बारे में मीडिया में कोई बयान नहीं देंगे क्योंकि उनकी पार्टी का पहला मकसद राजस्थान में वसुंधरा सरकार को हराना है।

राजस्थान में बसपा अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मायावती की पार्टी का मत हो सकता है लेकिन उन्होंने सभी गैर भाजपाई दलों से कहा है कि राजस्थान में और केन्द्र में भाजपा सरकार को बेदखल करने के लिए एक साथ चुनाव लड़ें क्योंकि भाजपा के शासन में किसान, युवा बेरोजगार, कर्मचारी, गरीब, दलित व मजदूर वर्ग पूरी तरह शोषित है।

उन्होंने राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा निकाली गई गौरव यात्रा को बर्बाद यात्रा बताया। श्री यादव ने बताया कि भाजपा ने 15 लाख युवाओं को प्रतिवर्ष रोजगार देने का वायदा किया था लेकिन कोई वादा पूरा नहीं हुआ।

किसान आत्म हत्या कर रहे हैं लेकिन भाजपा सरकार कोई सुध नहीं ले रही है। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार ने सबका साथ-सबका विकास, गंगा की सफाई जैसे वादे किए थे लेकिन चुनाव नजदीक आते ही ये मंदिर मस्जिद पर आ गए।

महागठबंधन की सरकार के आने पर फसलों के दाम होंगे डेढ़ गुना

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता दल के नेता शरद यादव ने केन्द्र सरकार पर किसानों के लिए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू नहीं करने आरोप लगाते हुए कहा है कि महागठबंधन की सरकार आएगी तो किसानों के फसलों के डेढ़ गुना दाम कर दिए जाएंगे।

यादव अलवर जिले के किशनगढबास क्षेत्र में बीबीरानी में एक जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में किसानों के हित में कोई काम नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अलवर में पहलू खान की हत्या की गई। गाय के नाम पर हिंसा की जा रही है। यह सरकार के इशारे पर हो रही है।

उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं की तादात बढ़ गई है। इससे किसानों को खेती करने में परेशानी हो रही है। भीमराव अंबेडकर ने जो संविधान बनाया है उसने आपके हाथ मे देश की सत्ता चुनने का हक दिया है। राजस्थान विधानसभा चुनाव होने है। आपको बटन दबा कर मुख्यमंत्री और इसके बाद प्रधानमंत्री का चुनाव करना है।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा को राजस्थान और देश से विदा करना है। भाजपा ने 15 लाख लोगों को हर साल नौकरी देने का वादा किया था लेकिन किसी को रोजगार नहीं मिला और किसान आत्महत्या कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा जातियों और धर्म के नाम पर आपस मे लड़ाने का काम कर रही है। देश मे किसान कर्ज में डूबा हुआ है। लेकिन विजय माल्या, नीरव मोदी जैसे करोड़ों रूपये लेकर भाग गए लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया गया है।

इस अवसर पर पूर्व सांसद तारिक अनवर ने कहा कि आगामी सात दिसम्बर को राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को हरा कर देश मे संविधान को बचाने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर हमला करते हुए कहा कि पांच साल पूर्व जो वादे किए थे उनको याद करो तो किसानों और गरीबों को क्या मिला।

इसलिए भावनाओं और जज्बात में बहकर वोट नहीं करना है। देश मे इस वक्त अघोषित इमरजेंसी का शासन चल रहा है। बुद्धिजीवीयों को बोलने नहीं दिया जा रहा है और उन पर हमला किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक बार फिर राम मंदिर का मुद्दे को लेकर चुनाव में जाने की तैयारी कर रही हैं। भाजपा नहीं चाहती है कि राम मंदिर का मुद्दा समाप्त हो। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म की आड़ में राजनीति कर रही है।