Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Punjab minister Channi in spot for 'improper messages' to woman IASपंजाब में मंत्री पर महिला अफसर के उत्पीड़न का आरोप - Sabguru News
होम Headlines पंजाब में मंत्री पर महिला अफसर के उत्पीड़न का आरोप

पंजाब में मंत्री पर महिला अफसर के उत्पीड़न का आरोप

0
पंजाब में मंत्री पर महिला अफसर के उत्पीड़न का आरोप

चंडीगढ़/तेल अवीव। पंजाब में एक मंत्री पर एक महिला अफसर को कथित रूप से अनुचित संदेश भेजने के आरोप लगने के बाद विपक्षी शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी ने बुधवार को जहां मंत्री को हटाने की मांग की वहीं मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि प्रकरण में कार्रवाई हो चुकी है और मामला सुलझा लिया गया है।

एक अंग्रेजी अखबार में आई रिपोर्ट के अनुसार मंत्री पर एक महिला अफसर को एक अनुचित संदेश भेजने का आरोप है और जब मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया तो उन्होंने मंत्री से महिला अफसर से माफी मंगवा ली।

शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मुख्यमंत्री से अपने मंत्री को बेनकाब कर सामने लाने को कहा जिस पर एक महिला अफसर को अनुचित संदेश भेजने का आरोप है। बादल ने एक बयान में जानना चाहा कि क्यों पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने में पीछे हट रहे हैं।

शिअद अध्यक्ष ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है जबकि घटना लगभग डेढ़ महीना पुरानी है तथा महिला अफसर ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक को जानकारी दी थी।

बादल ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर लोगों को बताएं कि वह मंत्री को बचा क्यों रहे हैँ। वह उनका नाम भी छिपाए हुए हैं और मंत्रिमंडल से हटा भी नहीं रहे। उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि राहुल गांधी भी खामोश हैं जबकि मामला उनके संज्ञान में भी है।

शिअद नेता ने कहा कि राहुल को स्पष्ट करना चाहिए कि मामले को दबाने की मुख्यमंत्री की कोशिश में वह क्यों साथ हैं। एक मंत्री से ऐसे व्यवहार की अपेक्षा नहीं की जा सकती और उसे मंत्रिमंडल में रहने का अधिकार नहीं है जहां महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित फैसले लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री को हटाया नहीं गया ताे यह माना जाएगा कि कांग्रेस नेतृत्व महिलाओं के सम्मान की रक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर संपादक के रूप में महिलाओं के उत्पीड़न के आरोप लगे थे तो कांग्रेस और राहुल गांधी ने उनका इस्तीफा मांगा था लेकिन अब अपने मंत्री को बचा रहे हैं।

बादल ने कहा कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष को दोहरे मापदंड न अपनाते हुए महिला अफसर को मंत्री के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए जिससे और महिलाओं के आगे आने का रास्ता खुलेगा।

बादल ने कहा कि मंत्री को बर्खास्त करना जरूरी है क्योंकि इससे यह पीड़िता को इंसाफ मिलेगा और यह संदेश जायेगा कि ऐसे मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दूसरी तरफ आप पंजाब की महिला नेताओं ने आज मांग की कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपने उस कैबिनेट मंत्री को तुरंत बर्खास्त करें जिस पर एक उच्च महिला अधिकारी ने उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पार्टी की तरफ से यहां जारी बयान में महिला शाखा की सूबा प्रधान राज लाली गिल और सह-प्रधान जीवनजोत कौर ने कहा कि एक मंत्री का ऐसा अनैतिक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

उन्होंने इस मुद्दे पर कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ- साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी दोहरे मापदंड अपनाने का दोष लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो महिलाओं का शारीरिक-मानसिक शोषण करने के दोषों में घिरे केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर का इस्तीफा मांगा जा रहा था, दूसरी तरफ अपने मंत्री का मामला दबाया जा रहा था, जबकि चाहिए यह था कि मंत्री को तुरंत बर्खास्त कर ‘विशाखा दिशानिर्देशों‘ के मुताबिक महिला अधिकारी की शिकायत महिलाओं की भागीदारी वाली विशेष शिकायत निवारण समिति के हवाले की जाती।

जीवनजोत कौर ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस सुप्रीमो राहुल गांधी यदि मामला ध्यान में आते ही मंत्री के खिलाफ कार्यवाही कर देते तो पूरे देश में एक कड़ा और स्पष्ट संदेश जाता और महिलाओं पर होते मानसिक -शारीरिक उत्पीड़न के विरुद्ध ‘मी टू’ मुहिम को और बल मिलता।

उक्त महिला नेताओं ने कहा कि कैप्टन अमरिन्दर सिंह और राहुल गांधी समेत समूची कांग्रेस के पास अब भी मौका है कि वह महिलाओं के प्रति सम्मान का संदेश देते हुए अपने मंत्री को मंत्रिमंडल तथा पार्टी से बाहर निकालें।

इस बीच मुख्यमंत्री ने, जो विदेशी दौरे पर हैं, तेल अवीव से जारी बयान में कहा कि महिला अधिकारी की मंत्री के खिलाफ शिकायत पर कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया था और उनकी जानकारी के अनुसार मामले को महिला अधिकारी के दृष्टिकोण से संतोषजनक रूप से सुलझा लिया गया।

अमरिंदर ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में कुछ सप्ताह पहले लाया गया था और उन्होंने मंत्री से महिला अधिकारी से माफी मांगने को कहा। उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि मंत्री ने ऐसा किया तथा मामला सुलझ चुका है।