Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Farmer suffers from BJP government : AAP leader Rampal Jat-किसान भाजपा सरकार से त्रस्त : रामपाल जाट - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer किसान भाजपा सरकार से त्रस्त : रामपाल जाट

किसान भाजपा सरकार से त्रस्त : रामपाल जाट

0
किसान भाजपा सरकार से त्रस्त : रामपाल जाट
AAP leader Rampal Jat

अजमेर। किसान महापंचायात के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आम आदमी पार्टी के नेता रामपाल जाट ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में समर्थन मूल्य पर फसल की खरीद व्यवस्था चौपट हो चुकी है और किसान भाजपा सरकार से त्रस्त हैं।

जाट आज अजमेर दौरे के दौरान पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि गिरदावरी रिपोर्ट खरीद केंद्र पर उपलब्ध कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने आरोप लगाया कि मूंग, उड़द, मूंगफली और सोयाबीन की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने के लिए सरकार गंभीर नहीं है।

फसल बेचने के लिए किसानों का आनलाइन पंजीयन तक नहीं हो रहा। ऐसे में किसानों के लिए यह बहुत बड़ा सिरदर्द है। सरकार को चाहिए कि किसान को उसकी फसल का पूरा मूल्य मिले।

उन्होंने कहा कि खरीद व्यवस्था को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ दिया जाना चाहिए ताकि काफी हद तक समस्या का निदान हो सकता है। उन्होंने कहा कि उनका तीन दिन पहले शुरू किया गया महाअभियान म्हारो नाज-म्हारो राज की गूंज गांव गांव, ढाणी ढाणी में सुनाई देने लगी है।

किसान अब किसान राज की स्थापना के लिए संकल्प ले रहा है। अब तक टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़ में संपर्क किया गया है जहां किसानों को भारी समर्थन मिला है।

उन्होंने बताया कि इसको और ज्यादा सफल बनाने के लिए प्रदेश के सातों संभाग में प्रभारी नियुक्त किए गए है जो फसलों की खरीद समस्याओं को हल कराने का प्रयत्न करेंगें। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया कि देश में एक पार्टी ऐसी हो जो किसानों के लिए किसानों की पार्टी हो।

किसान संघर्ष के बीच आप पार्टी से नाता जोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमें भाजपा एवं कांग्रेस दोनों से निराशा मिली। आप पार्टी के नेता अरविन्द केजरीवाल ने अपने संघर्ष के बूते जिस तरह सफलता प्राप्त की। आप पार्टी किसानों के लिए संघर्ष और आंदोलन के तहत कंधे से कंधा मिलाकर राजस्थान में किसान राज की स्थापना करने के लिए किसानों के साथ है।

उन्होंने कहा कि किसान राज का पैगाम यह रहेगा कि खुशहाल ग्राम, युवाओं को काम, उपजों को मिलेंगे पूरे दाम। उन्होंने दावा किया कि किसानों की सरकार आने पर प्रदेश में दस उद्योगों के जरिए कृषि आधारित ऋण उपलब्ध कराए जाएंगे जिसकी आवेदन की कोई फीस नहीं होगी, ऋण पर कोई ब्याज नहीं लिया जाएगा तथा इसके जरिए युवाओं को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने अजमेर सहित पूरे राजस्थान में पानी की कमी पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि फसलों को खुशहाल बनाने के लिए खेतों को पूरा पानी उपलब्ध कराया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्वयं के टोंक से चुनाव लड़ने की बात को दोहराया। इससे पहले जाट ने सूफी संत ख्वाजा साहब की दरगाह में जियारत की और पार्टी की जीत की दुआ की।