Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
lok sabha bihar seat sharing formula : bjp & jdu to contest 17 seats each, ljp in 6-बिहार में सीटों के बंटवारे पर राजग में सहमति, लोजपा को छह सीटें - Sabguru News
होम Bihar बिहार में सीटों के बंटवारे पर राजग में सहमति, लोजपा को छह सीटें

बिहार में सीटों के बंटवारे पर राजग में सहमति, लोजपा को छह सीटें

0
बिहार में सीटों के बंटवारे पर राजग में सहमति, लोजपा को छह सीटें
lok sabha bihar seat sharing formula : bjp & jdu to contest 17 seats each, ljp in 6
lok sabha bihar seat sharing formula : bjp & jdu to contest 17 seats each, ljp in 6

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दलों भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाइटेड और लोक जनशक्ति पार्टी के बीच बिहार में लोकसभा सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है।

नए फॉमूर्ले के तहत भाजपा और जदयू 17-17 सीटों पर तथा लोजपा छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा लोजपा प्रमुख रामविलास पासवन को राजग के प्रत्याशी के रूप में राज्यसभा के लिए किसी भी राज्य से होने वाले अगले चुनाव में उच्च सदन में भेजा जाएगा।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार और पासवान ने यहां तीनों दलों की बैठक के बाद संवाददाताओं को यह जानकारी दी। इस मौके पर भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव और लोजपा संसदीय दल के अध्यक्ष चिराग पासवान भी मौजूद थे।

शाह ने कहा कि लंबी चर्चा के बाद तय हुआ है कि अगले लोकसभा चुनाव मे भाजपा और जदयू बिहार की 17-17 सीटों पर तथा लोजपा छह लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा जिस भी राज्य से अगला राज्यसभा चुनाव होगा वहां पासवान राजग के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने बताया कि बिहार की जमीनी हकीकत, राजनीतिक स्थिति और राजग के प्रारूप को देखते हुए यह फैसला किया गया है।

भाजपा प्रमुख ने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में बिहार में राजग को 2014 की तुलना में ज्यादा सीटें मिलेंगी। उन्होंने बताया कि कौन सी सीट से कौन सी पार्टी लड़ेगी इसका फैसला आने वाले दिनों में तीनों दल मिलकर करेंगे।

राजग के साझे चुनाव प्रचार अभियान के लिए कुमार, पासवान और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने मिलकर एक खांचा तैयार किया है। हम बिहार की जनता के सामने अपना राजनीतिक एजेंडा लेकर जाएंगे।

भाजपा और जदूय के बीच बिहार में बराबर सीटों पर लड़ने को लेकर अक्टूबर में ही सहमति बन गई थी। उस समय शाह ने कहा था कि अन्य सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे पर आगे बात की जाएगी तथा उसके बाद सीटों की संख्या तय की जाएगी।

इस बीच तत्कालीन फॉर्मूले को लेकर असंतुष्ट राष्ट्रीय लोक समता पार्टी राजग से अलग होकर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन में शामिल गई। चिराग पासवान के एक ट्वीट से लोजपा की भी नाराजगी सामने आई जिसके दबाव में राजग को बचाने के लिए भाजपा को सीटों के बंटवारे का नया फॉर्मूला ढूंढ़ना पड़ा।

कुमार ने नए फॉर्मूले के बारे बताते हुए कहा कि किस सीट पर कौन सी पार्टी चुनाव लड़ेगी, यह तय करने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। पिछली बार वर्ष 2009 में भाजपा और जदयू मिलकर बिहार में लोकसभा चुनाव लड़े थे और उस समय देश में राजग का प्रदर्शन चाहे जो भी रहा हो बिहार में उसे 40 में से 32 सीटें मिली थीं। उन्होंने पासवान की प्रतिष्ठा का ध्यान रखने के लिए भाजपा को धन्यवाद दिया।

पासवान ने लोजपा की नाराजगी की खबरों के बारे में कहा कि मामला कुछ नहीं था। मोदी के नेतृत्व में राजग के पौधे को हमने पांच साल तक सींचा है। हम सभी सीटों पर कब्जा करेंगे।