Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
bjp National Executive Meet at Ramlila Maidan in New Delhi-रामलीला मैदान से भाजपा का चुनावी शंखनाद - Sabguru News
होम Breaking रामलीला मैदान से भाजपा का चुनावी शंखनाद

रामलीला मैदान से भाजपा का चुनावी शंखनाद

0
रामलीला मैदान से भाजपा का चुनावी शंखनाद
bjp National Executive Meet at Ramlila Maidan in New Delhi
bjp National Executive Meet at Ramlila Maidan in New Delhi

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन के पहले दिन शुक्रवार को 2019 के लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंका, जहां पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने विजय का विश्वास जताते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि मतगणना तक आराम करने का समय नहीं है।

शाह ने दो-दिवसीय अधिवेशन में अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में इस चुनाव को युद्ध की संज्ञा देते हुए कहा कि यह देश के भविष्य के लिए पानीपत के युद्ध जितना महत्त्वपूर्ण है, जिसमें हार के बाद देश को 200 साल तक अंग्रेजों की गुलामी झेलनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि यह ‘मोदी’ बनाम ‘अन्य सभी’ की लड़ाई है। जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है और भाजपा की विजय निश्चित है। उन्होंने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला तथा कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार से मोदी सरकार के काम की तुलना करते हुए उसकी उपलब्धियां गिनाई।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2019 का चुनाव भारत के विकास एवं पार्टी के विस्तार के स्थायित्व का चुनाव है। विजय हमारी निश्चित है। जनता मोदी जी के साथ चट्टान बनकर खड़ी है। मोदी जी देश ही नहीं, दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। आज से मतगणना तक हमारे लिए विराम का समय नहीं है।

उन्होंने कहा कि 2019 का चुनाव अनोखा है। एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के 35 दल मिलकर लड़ेंगेे, वहीं दूसरी ओर स्वार्थ के आधार पर बना बेमेल गठबंधन रहेगा जिसका न नेता है और न ही नीति। उन्होंने कहा कि कुछ युद्ध ऐसे होते हैं जो सदियों तक अपना असर छोड़कर जाते हैं। यह चुनाव भी वैसा ही युद्ध है। यह विचारधारा का युद्ध है।

शाह ने मराठा साम्राज्य का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय अफगानिस्तान से कर्नाटक तक और गुजरात से ओडिशा तक पेशवा का साम्राज्य था, लेकिन 130 युद्ध जीतने वाले मराठा केवल पानीपत की तीसरी लड़ाई हारे तो 200 साल की गुलामी झेलनी पड़ी।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक समय ऐसा था जब भाजपा की लोकसभा में मात्र दो सीटें रह गईं थीं। उसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को विजय का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वर्ष 2014 में मात्र छह राज्यों में पार्टी की सरकार और 2019 के चुनाव के समय 16 राज्यों में वह सत्ता में है।

कार्यकर्ताओं की संख्या दो करोड़ 40 लाख से बढ़कर 11 करोड़ पर पहुंच चुकी है और वह दुनिया का सबसे बड़ा संगठन बन चुकी है। इस समय हमारे पास देश ही नहीं दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता है। उनका इशारा प्रधानमंत्री मोदी की ओर था। उन्होंने कहा कि मैं आपको बताना चाहता हूं कि इस बार भी भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

शाह ने कहा कि उन्हें 2019 में जीत का भरोसा इसलिए है कि पिछले साढ़े चार साल में सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और गाँवों के लिए काफी काम किया है। उन्होंने कहा कि 2019 का चुनाव हमारे लिए तो महत्त्वपूर्ण है ही, यह देश के लिए भी महत्त्वपूर्ण है।

यह 50 करोड़ गरीबों के लिए महत्त्वपूर्ण है, देश के युवाओं के लिए महत्त्वपूर्ण है। यह रसोई गैस कनेक्शन पाने वाली छह करोड़ महिलाओं के लिए महत्त्वपूर्ण है, घर में शौचालय बनने से अब शर्मिंदगी से बच गयी 16 से 17 साल की बच्चियों के लिए महत्त्वपूर्ण है।

उन्होंने जनधन योजना, आयुष्मान योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तेजी से मकान निर्माण का भी जिक्र किया। बच्चों की टीकाकरण योजना और गरीबों को बिजली का कनेक्शन देने के लिए सौभाग्य योजना के लिए भी उन्होंने सरकार की पीठ थपथपाई।

भाजपा अध्यक्ष ने सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए सर्जिकल स्ट्राइक के लिए सरकार की तारीफ की तथा कहा कि मोदी सरकार ने सेना को गोली का जवाब गोली से देने की छूट दी है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक से भारत का तथा देश के सैनिकों का सिर गर्व से ऊँचा हुआ है। सरकार ने सैनिकों के लिए ‘एक रैंक-एक पेंशन’ को लागू किया।

उन्होंने विपक्षी दलों के गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो कभी एक दूसरे की ओर देखना भी पसंद नहीं करते थे वे आज साथ आ गए हैं क्योंकि उन्हें मालूम है कि अकेले मोदी को हराना मुश्किल है। यह चुनाव नरेंद्र मोदी बनाम अन्य सभी हो गया है।

उन्होंने इसके बावजूद जीत का विश्वास जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) एवं कांग्रेस के गठजोड़ के बावजूद भाजपा 325 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। इस बार लड़ाई 50 प्रतिशत वोट लेने की है। लोकसभा चुनाव में राज्य में पिछली बार हमें 73 सीटें मिलीं थीं। इस बार हम 75 सीटें जीतेंगे।

शाह ने कहा कि मोदी भारत को गरीबी, गंदगी, बीमारी, आतंकवाद, नक्सलवाद आदि से मुक्त करेंगे और विश्व में गौरवशाली स्थान दिलाएंगे। मोदी सरकार ने देश में पाँच साल में परिवर्तन लाने का प्रयास किया है। एक बार फिर राजग की सरकार बनी तो भारत माता को विश्वगुरु के स्थान पर पहुंचने से कोई रोक नहीं पाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा मजबूत सरकार चाहती है ताकि नए भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो और सवा सौ करोड़ देशवासियों के स्वप्न पूरे हों।

मोदी ने रामलीला मैदान में भाजपा कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां रामलीला मैदान में चल रहे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनसे हाथ मिलाया और एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में उनका हालचाल पूछा।

पार्टी के उद्धाटन सत्र में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का भाषण समाप्त होने के बाद चायकाल में मोदी अचानक उठ कर मंच से नीचे आ गए और अगली पंक्ति में बैठे कार्यकर्ताओं के बीच जा पहुंचे। इसे देख कर सुरक्षाकर्मियों के हाथ पांव फूल गए।

मोदी ने कार्यकर्ताओं से हाथ मिलाया और उनका हालचाल पूछा। वह मीडिया के क्षेत्र के समीप से गुजरे और हाथ हिला कर अभिवादन किया। प्रधानमंत्री के नीचे उतरने की खबर फैलते ही बाहर मौजूद मीडियाकर्मी तेजी से अंदर आने लगे।

एक सुरक्षाकर्मी ने भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी से शिकायत की कि उनके लिए समस्या बढ़ रही है। तिवारी ने कहा कि मोदी जनता के बीच रहना पसंद करते हैं और उन्हें जनता के बीच जाने से रोका नहीं जा सकता है। बाद में मोदी करीब दस मिनट बाद वापस मंच की ओर लौट गए।

राष्ट्रीय अधिवेशन में शाह ने​ किया वाजपेयी को याद

पिछले साल 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद भारतीय जनता पार्टी के पहले राष्ट्रीय अधिवेशन में शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि उनकी कमी हमेशा खलेगी।

शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री को याद करते हुए कहा कि पार्टी का यह पहला अधिवेशन है जब अटल जी हमारे बीच नहीं हैं। जनसंघ के समय से ही वह भारतीय राजनीति का ध्रुव तारा रहे थे। उनकी रिक्तता हमेशा महसूस की जाएगी।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वाजपेयी और पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने पहले जनसंघ और फिर भाजपा को मजबूत करने का काम किया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने हमें ऐसा संदेश दिया है कि हमारा कारवां कभी रुकने वाला नहीं है।