Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
70th republic day celebration in rajasthan-राजस्थान में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस - Sabguru News
होम Rajasthan Jaipur राजस्थान में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

राजस्थान में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

0
राजस्थान में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

जयपुर। राजस्थान में 70वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। गणतंत्र दिवस पर आयोजित समारोह में झंडारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल कल्याण सिंह ने सुबह साढ़े नौ बजे झंडारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद राज्यपाल को सलामी दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित मंत्रिपरिषद के सदस्य, न्यायाधीश राज्य के सभी बड़े अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

इससे पहले राज्यपाल सिंह अमर जवान ज्योति पर गए और पुष्पचक्र अर्पित करके अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। गहलोत एवं मेजर जनरल संजीव ग्रोवर ने भी अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित करके अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

समारोह में सेना और स्थानीय पुलिस के जवानों ने तिरंगे को सलामी दी। राज्यपाल सिंह ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर 16 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को पुलिस पदक से सम्मानित किया।

राज्य में जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, अजमेर और अन्य जिलों में, विद्यालयों, कार्यालयों और सरकारी भवनों में झंडारोहन किया गया और मिठाई बांटी गई।

भाईचारे की भावना को और मजबूत बनाएं 

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि मिलकर देश-प्रदेश में प्रेम, भाईचारे एवं आपसी सदभाव की महान परम्परा को और अधिक मजबूत बनाएं।

गहलोत गणतंत्र दिवस पर बड़ी चौपड़ पर ध्वजारोहण के बाद वहां उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह महान पर्व हमें देश की आजादी एवं इसके निर्माण में सभी ज्ञात एवं अज्ञात शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और हमारे संविधान निर्माताओं के योगदान की याद दिलाता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पण्डित जवाहरलाल नेहरू, मौलाना आजाद, डॉ. भीमराव अंबेडकर, सरदार पटेल, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी सहित अन्य सभी महान नेताओं ने इस देश में लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना करके उन्हें कायम रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

गहलोत ने कहा कि हम सभी को इन मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लेना चाहिए। राज्य सरकार राज्य को खुशहाली के रास्ते पर ले जाने के लिए कटिबद्ध है। सबके सहयोग से ही राज्य आगे बढ़ेगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, मुख्य सचेतक महेश जोशी, पूर्व मंत्री डॉ. चन्द्रभान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।