Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
jannayak janata party leader digvijay singh chautala news-हमें भाजपा की बी टीम बोलने वाले खुद बीजेपी की गोद में बैठे : दिग्विजय सिंह चौटाला - Sabguru News
होम Chandigarh हमें भाजपा की बी टीम बोलने वाले खुद बीजेपी की गोद में बैठे : दिग्विजय सिंह चौटाला

हमें भाजपा की बी टीम बोलने वाले खुद बीजेपी की गोद में बैठे : दिग्विजय सिंह चौटाला

0
हमें भाजपा की बी टीम बोलने वाले खुद बीजेपी की गोद में बैठे : दिग्विजय सिंह चौटाला

पलवल/चंडीगढ़। हमें बच्चों की पार्टी और भाजपा की बी टीम बोलने वाली इनेलो आज खुद बीजेपी की गोद में जाकर बैठी है। जननायक जनता पार्टी भाजपा की बी टीम नहीं बल्कि बीजेपी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने वाली मजबूत टीम है।

ये बात जननायक जनता पार्टी के नेता और इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने पलवल जिले के हथीन हलके में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने जनता के आशीर्वाद से लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी दस लोकसभा सीटों पर ‘खड़ाऊ’ विजय का दावा भी किया। साथ ही दिग्विजय चौटाला ने बीजेपी सरकार को झूठों की टोली बताते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को कमजोर मुखिया बताया है।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जब हरियाणा में जननायक जनता पार्टी का गठन हुआ था उस समय विरोधी दल इसे बच्चों की पार्टी और भाजपा की बी बताती थी। लेकिन आज बीजेपी की बी टीम कौन सी पार्टी बनी हुई है, यह बात किसी से छिपी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आज इनेलो का पूरा नेतृत्व भाजपा के सामने नतमस्तक हो गया है।

लेकिन चौ. देवीलाल की नीतियों पर चलने वाली जननायक जनता पार्टी संघर्ष करना जानती है, इसलिए प्रदेश के हित के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। दिग्विजय चौटाला ने जेजेपी को बीजेपी का एकमात्र विकल्प बताते हुए कहा कि आज प्रदेश में अगर कोई भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा सकता है तो वो सिर्फ जजपा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस व भाजपा एक ही थाली के चट्टे बट्टे है, पहले भाजपा ने हर व्यक्ति को पन्द्रह लाख रूपए देने का सफेद झूठ बोला और अब कांग्रेस ने भी चुनाव से पहले हर वर्ष 72 हजार रुपए का लोलीपोप जनता के सामने रखा है। लेकिन दोनों ही राजनीतिक दलों में से एक में भी युवाओं को रोजगार देने की हिम्मत नहीं है।

दिग्विजय चौटाला ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि दोनों पार्टियों को आगामी चुनाव में जवाब दे और अपना हक केंद्र से लेने के लिए हरियाणा से जेजेपी के दसों उम्मीदवारों को संसद में पहुंचा कर सांसद बनाने का काम करें।

दिग्विजय चौटाला ने चप्पल चुनाव चिन्ह का जिक्र करते हुए कहा कि अब आपके हक के लिए ये चप्पल चलेगी नहीं बल्कि दौड़ेगी। उन्होंने कहा कि हमें आगे बढ़ने के लिए चुनाव निशान चप्पल के रूप में ताऊ की खड़ाऊ का आशीर्वाद मिला है। यह हमारे लिए चप्पल नहीं बल्कि जननायक ताऊ देवीलाल के खड़ाऊ हैं।

उन्होंने कहा कि जननायक जनता पार्टी पहले भी ताऊ की नीतियों पर चलकर प्रदेश के विकास के लिए आवाज उठा रही थी। अब हमें ताऊ की खड़ाऊ लगातार आगे बढ़ाने का काम करेगी। हमें प्रदेश की सभी दस लोकसभा सीटों पर यह खड़ाऊ विजय बनाएगी।

दिग्विजय चौटाला ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को कमजोर मुखिया बताया है। उन्होंने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए सरकार के समक्ष सवाल खड़े किए आखिर सरकार के तमाम दावों के विपरीत प्रदेश में बलात्कार, उत्पीडऩ, अपहरण और हत्या के मामलों पर लगाम क्यों नहीं लग रही है। क्यों नहीं सरकार अपने साढ़े चार वर्ष के शासनकाल में महिला अपराधों के खिलाफ में घटनाओं में कमी ला पाई। मुख्यमंत्री मनोहर लाल इसका जवाब दें।