Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
IPL 2019 : Mumbai Indians beat Kings XI Punjab by 3 wickets-IPL 2019 : राहुल के शतक पर भारी पड़ा पोलार्ड का तूफ़ान, मुंबई आखिरी गेंद पर जीती - Sabguru News
होम Breaking IPL 2019 : राहुल के शतक पर भारी पड़ा पोलार्ड का तूफ़ान, मुंबई आखिरी गेंद पर जीती

IPL 2019 : राहुल के शतक पर भारी पड़ा पोलार्ड का तूफ़ान, मुंबई आखिरी गेंद पर जीती

0
IPL 2019 : राहुल के शतक पर भारी पड़ा पोलार्ड का तूफ़ान, मुंबई आखिरी गेंद पर जीती

मुंबई। ओपनर लोकेश राहुल (नाबाद 100) के विस्फोटक शतक और क्रिस गेल (63) की आतिशी अर्धशतकीय पारी पर विंडीज के कार्यवाहक कप्तान कीरोन पोलार्ड की 10 छक्कों से सजी 83 रन की तूफानी पारी भारी पड़ गई और मुंबई इंडियंस ने किंग्स इलेवन पंजाब से आईपीएल-12 का सांसों को रोक देने वाला रोमांचक मुकाबला बुधवार को आखिरी गेंद पर तीन विकेट से जीत लिया।

पंजाब ने चार विकेट पर 197 रन का मजबूत स्कोर बनाया लेकिन मुंबई ने सात विकेट पर 198 रन बनाकर मैच जीत लिया। मुंबई ने आखिरी गेंद पर दो रन निकालकर पंजाब को मायूस कर दिया। पोलार्ड ने 31 गेंदों पर तीन चौकों और 10 छक्कों की मदद से मैच विजयी 83 रन ठोके। मुंबई की छह मैचों में यह चौथी जीत है वह तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है जबकि पंजाब की सात मैचों में यह तीसरी हार है और वह चौथे स्थान पर है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सिद्धेश लाड ने 13 गेंदों पर 15 रन में एक चौका और एक छक्का लगाया। सिद्धेश को टीम में नियमित कप्तान रोहित शर्मा की जगह शामिल किया गया था। उन्हें मोहम्मद शमी ने बोल्ड किया। रोहित की जगह इस मैच में वेस्ट इंडीज के कीरोन पोलार्ड ने कप्तानी संभाली। सूर्यकुमार यादव ने 15 गेंदों में चार चौकों के सहारे 21 रन बनाये।

ओपनर क्विंटन डी कॉक 23 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने दो चौके लगाए। ईशान किशन 10 गेंदों में सात रन बनाकर रन आउट हो गए। पोलार्ड ने सैम करेन के पारी के 12वें ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया। पोलार्ड ने पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन के पारी के 14वें ओवर में गेंदबाज के सर के ऊपर से लगातार दो छक्के जड़ दिए।

क्रीज पर पोलार्ड और हार्दिक पांड्या जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों की मौजूदगी से मुकाबला लगातार रोमांचक होता जा रहा था। आखिरी पांच ओवर में मुंबई को जीत के लिए 63 रन चाहिए थे। लेकिन 16वें ओवर की पहली गेंद पर पांड्या की पारी का अंत हो गया। मोहम्मद शमी की गेंद पर डेविड मिलर ने आसान कैच लपका। पांड्या ने 13 गेंदों में दो चौकों की मदद से 19 रन बनाये। मुंबई का पांचवां विकेट 135 के स्कोर पर गिरा। शमी ने इसी ओवर में क्रुणाल पांड्या को भी आउट कर दिया। क्रुणाल का कैच भी मिलर के हाथों में गया।

पांड्या बंधुओं के आउट होने के बाद जिम्मेदारी कार्यवाहक कप्तान पोलार्ड पर आ गयी कि वह लम्बे छक्के मारें और 17वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का मारकर मुंबई के 150 रन पूरे कर दिए। पोलार्ड ने सैम करेन के इस ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का मारकर इस सत्र का अपना पहला अर्धशतक पूरा कर लिया।

मुंबई को अंतिम 12 गेंदों पर 32 रन चाहिए थे और पोलार्ड की मौजूदगी से मुंबई की उम्मीदें बनी हुई थीं। करेन के 19वें ओवर की पहली गेंद पर पोलार्ड ने चौका जड़ दिया, दूसरी गेंद पर उन्होंने सिंगल नहीं लिया और तीसरी गेंद को छक्के के लिए उड़ा दिया। चौथी गेंद भी छक्के के लिए स्टैंड में चली गयी। पांचवीं गेंद पर उन्होंने सिंगल लिया। आखिरी बॉल डॉट रही और अब मुंबई को अंतिम छह गेंदों पर चाहिए थे 15 रन।

गेंद अंकित राजपूत के हाथों में थी। पहली गेंद पर छक्का पड़ा और यह गेंद नोबॉल निकली। उन्होंने फ्री हिट पर चौका लगाया लेकिन अगली गेंद पर कैच दे बैठे। पोलार्ड ने 31 गेंदों पर तीन चौकों और 10 छक्कों की मदद से 83 रन ठोके। अलजारी जोसफ ने नाबाद 15 रन बनाये और अंतिम गेंद पर मैच जिताने वाले दो रन निकाल लिए। शमी ने 21 रन पर तीन विकेट लिए।

राहुल ने आईपीएल में अपना पहला शतक बनाया लेकिन उनकी टीम जीत से दूर रह गयी। इससे पहले उनका आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 95 रन था जो उन्होंने पिछले सत्र में बनाया था। राहुल ने 64 गेंदों पर नाबाद 100 रन में छह चौके और छह छक्के लगाए। राहुल ने अपनी इस विस्फोटक पारी से विश्व कप टीम में जगह बनाने के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया।

राहुल ने गेल के साथ पहले विकेट की साझेदारी में 125 ओवर में 116 रन जोड़े। गेल ने भी प्रचंड अंदाज में खेलते हुए 36 गेंदों पर 63 रन में तीन चौके और सात छक्के उड़ाए। राहुल ने अंतिम तीन ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जिसकी बदौलत पंजाब ने इन तीन ओवरों में 55 रन जोड़ डाले।

पंजाब को मजबूत स्कोर तक पहुंचने के लिए अंतिम ओवरों में बड़े शॉट की जरूरत थी और राहुल ने 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या की गेंदों पर तीन छक्के और एक चौका उड़ाते हुए 25 रन बटोर डाले। पांड्या ने चार ओवर में 57 रन लुटाकर दो विकेट लिए और आईपीएल इतिहास में दूसरे सबसे महंगे गेंदबाज बने। राहुल ने आखिरी ओवर में जसप्रीत बुमराह की पहली गेंद पर जोरदार छक्का मारा और 98 रन पर पहुंच गए।

उन्होंने चौथी गेंद पर दो रन लेकर अपना शतक पूरा किया। राहुल ने पहले 50 रन के लिए 41 गेंदें खेलीं जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल थे। राहुल ने अगले 50 रन के लिए 22 गेंदें खेलीं जिसमें दो चौके और चार छक्के शामिल थे।

गेल ने अपने 50 रन 31 गेंदों में तीन चौकों और छह छक्कों की मदद से पूरे किये। पंजाब को दो बल्लेबाजों ने ही इतने बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। अन्य बल्लेबाजों में डेविड मिलर ने सात, करुण नायर ने पांच, सैम करेन ने आठ और मनदीप सिंह ने नाबाद सात रन बनाए।