Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sania Mirza calls Female player gets men's prize money - महिला खिलाड़ियों को पुरुषों के समान मिले पुरस्कार राशि : सानिया मिर्जा - Sabguru News
होम Delhi महिला खिलाड़ियों को पुरुषों के समान मिले पुरस्कार राशि : सानिया मिर्जा

महिला खिलाड़ियों को पुरुषों के समान मिले पुरस्कार राशि : सानिया मिर्जा

0
महिला खिलाड़ियों को पुरुषों के समान मिले पुरस्कार राशि : सानिया मिर्जा
Sania Mirza calls Female player gets men's prize money
Sania Mirza calls Female player gets men's prize money
Sania Mirza calls Female player gets men’s prize money

नई दिल्ली। देश की शीर्ष टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने जोर देकर कहा है कि महिला खिलाड़ियों को पुरुषों के बराबर समान पुरस्कार राशि मिलनी चाहिए।

सानिया ने शनिवार को यहां फिक्की महिला संगठन (एफएलओ) के 35वें वार्षिक सत्र में मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर के साथ एक पैनल चर्चा के दौरान यह बात कही। सानिया ने कहा कि भारत में महिला सशक्तिकरण की दिशा में हमने एक लम्बा सफर तय किया है लेकिन अभी भी काफी कुछ किया जाना बाकी है खासतौर पर खेलों के क्षेत्र में।

शीर्ष युगल टेनिस खिलाड़ी रही सानिया ने कहा कि देश में महिला खिलाड़ियों ने बैडमिंटन और कुश्ती जैसे खेलों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन महिलाओं के लिए काफी कुछ किया जाना बाकी है। महिला खिलाड़ियों को पुरुष खिलाड़ियों के बराबर पुरस्कार राशि दी जानी चाहिए। वैसे इस तरह का भेदभाव पूरी दुनिया में खेलों के अंदर फैला हुआ है।

सानिया और सोनम ने एक स्वर में कहा कि किसी भी महिला के विकास में उसके परिवार और खासकर माता पिता का सबसे बड़ा योगदान होता है। चर्चा में दोनों महिलाओं ने अपनी कामयाबी में अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि को अपनी सफलता का कारण बताया।

सानिया ने कहा कि जब मैंने छह साल की उम्र से घर से बाहर निकलकर खेलना शुरू किया था। तब छोटी स्कर्ट पहनकर खेलने पर मुझे छींटाकशी का सामना करना पड़ता था। लेकिन मेरे माता-पिता ने हमेशा मेरा मनोबल बढ़ाया। उनके समर्थन और लगातार प्रोत्साहन के चलते ही मैं इस मुकाम तक पहुंच पाई, फिर भी भारतीय महिला को अभी लंबा सफ़र तय करना है।

टेनिस खिलाड़ी ने सायना नेहवाल, पीवी सिंधू , साक्षी मालिक, एमसी मैरीकॉम जैसी दिग्गज खिलाड़ियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सभी के परिजनों ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की हिम्मत दी और उन्होंने जमाने की परवाह नहीं की।

सानिया का मानना है कि आज भी देश में महिला खिलाड़ियों को दूसरी नज़रों से देखा जाता है। भले ही कुछ लडकियां ओलंपिक और विश्व स्तर पर पहचान बना रही हैं लेकिन जब कोई लड़की क्रिकेट और फुटबॉल जैसे खेलों मे भाग लेती है तो उसे लड़कों से कमतर आंका जाता है और कई बार अपनो से ना भी सुननी पड़ जाती है।

सोनम ने अपने पिता और फिल्म अभिनेता अनिल कपूर के रुतबे और अपनी मां के मार्गदर्शन की प्रशंसा की। सोनम ने कहा कि शादी के बाद मेरे पति मेरे चीयर लीडर बन गए हैं और उन्होंने मेरा नाम अपने नाम के साथ जोड़कर अपना नाम आनंद सोनम आहूजा रख लिया है।

एफएलओ ने इस अवसर पर स्टंटवुमैन गीता टंडन, उद्यमी दीपाली, एनजीओ चला रही कल्पना सरोज, डिजाइनर अनमोल रोड्रिक्स और स्किल्स एंड यू की सीईओ चारू बजाज जैसी अपने क्षेत्र की सफल महिलाओं को सम्मानित किया।