Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Lok Sabha Elections 2019 Phase-II : Voting on 95 seats on Thursday-लोकसभा चुनाव 2019 : कड़ी सुरक्षा में गुरुवार को 95 सीटों पर मतदान - Sabguru News
होम Delhi लोकसभा चुनाव 2019 : कड़ी सुरक्षा में गुरुवार को 95 सीटों पर मतदान

लोकसभा चुनाव 2019 : कड़ी सुरक्षा में गुरुवार को 95 सीटों पर मतदान

0
लोकसभा चुनाव 2019 : कड़ी सुरक्षा में गुरुवार को 95 सीटों पर मतदान

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में गुरुवार को 12 राज्यों की 95 सीटों पर मतदान कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

इसके साथ ही ओडिशा विधानसभा के लिए 35 सीटों पर लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के साथ ही मतदान होना है। निर्धाारित कार्यक्रम के अनुसार दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 लोकसभा सीटों पर मतदान होना था। लेकिन, तमिलनाडु के वेल्लूर में आयकर छापे में 11 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी बरामद होने के बाद मतदान रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा त्रिपुरा में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूर्वी त्रिपुरा सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया है और वहां तीसरे चरण में 23 अप्रेल को मतदान होगा।

दूसरे चरण में 95 सीटों पर कुल 1596 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। करीब 15.5 करोड़ मतदाता इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए इन सीटों पर एक लाख 80 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इस चरण में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौडा, भाजपा की नेता हेमा मालिनी, द्रमुक नेता दयानिधि मारन, कांग्रेस के राजबब्बर, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण तथा द्रमुक नेता कनिमोझी जैसे अनेक प्रमुख उम्मीदवार अपनी किस्मत की आजमाइश कर रहे हैं।

दूसरे चरण में तमिलनाडु की 38 सीटों के अलावा कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 10, उत्तर प्रदेश की आठ, बिहार, ओडिशा और असम की पाँच-पाँच, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की तीन-तीन, जम्मू-कश्मीर की दो तथा मणिपुर और पुडुचेरी की एक-एक सीट के लिए चुनाव होगा।

उत्तर प्रदेश की जिन आठ सीटों पर 85 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, फतेहपुर सीकरी और आगरा सीटों पर मतदान होना है। पिछली बार इन सीटों पर 125 उम्मीदवार और 2009 में 128 उम्मीदवार थे। इन आठ सीटों पर 1,40,76,635 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 64,92,326 महिला मतदाता हैं। आगरा में सबसे ज्यादा मतदाता हैं।

तमिलनाडु की 38 सीटों पर 822 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इन सीटों पर लगभग 5.8 करोड़ मतदाता हैं। कर्नाटक में 14 सीटों पर गुरुवार को 2.63 करोड़ मतदाता वोट डाल सकेंगे। इनमें 1.29 करोड़ महिला मतदाता हैं। यहाँ 27,059 किन्नर मतदाता हैं। राज्य में कुल 30,410 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दूसरे चरण में 241 उम्मीदवार हैं जिनमें 17 महिलाएं शामिल हैं।

बिहार की किशनगंज, भागलपुर, बांका, कटिहार और पूर्णिया सीटों पर कुल 68 उम्मीदवार मैदान में हैं। कटिहार से कांग्रेस के तारिक अनवर और बाँका से राष्ट्रीय जनता दल के जय प्रकाश नारायण यादव पर सबकी निगाह लगी हुई है।

छत्तीसगढ़ में राजनंद गांव, कांकेड़ और महासमन्द सीटों के लिए 9.07 लाख मतदाता वोट डाल सकेंगे। इनमें 24 लाख 69 हजार 110 महिला मतदाता हैं। कुल 6,484 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन तीनों सीटों पर 36 उम्मीदवार मैदान में हैं।

पश्चिम बंगाल की जलपाईगुडी, दार्जीलिंग और रायगंज सीट के अलावा जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर सीट के अलावा ऊधमपुर सीट पर दूसरे चरण में चुनाव होंगे। मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे और कहीं शाम छह बजे तक भी होगा जबकि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके में कुछ सीटों पर सुबह सात बजे से तीन बजे तक और ओडिशा की कुछ सीटोें पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। तमिलनाडु की मदुरई सीट पर सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक मतदान होगा।