Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Bollywood Celebs Cast Their Vote For Lok Sabha Elections 2019, Ask fans have you?-अमिताभ, हेमा, आमिर, सलमान समेत बॉलीवुड कई सितारों ने किया मतदान - Sabguru News
होम Entertainment Bollywood अमिताभ, हेमा, आमिर, सलमान समेत बॉलीवुड कई सितारों ने किया मतदान

अमिताभ, हेमा, आमिर, सलमान समेत बॉलीवुड कई सितारों ने किया मतदान

0
अमिताभ, हेमा, आमिर, सलमान समेत बॉलीवुड कई सितारों ने किया मतदान
Bollywood Celebs Cast Their Vote For Lok Sabha Elections 2019
Bollywood Celebs Cast Their Vote For Lok Sabha Elections 2019

मुंबई। लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के तहत सोमवार को बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी, दबंग स्टार सलमान खान, मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान समेत कई सितारों ने मतदान किया।

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में महाराष्ट्र की 17 सीटों पर वोटिंग हो रही है जिनमें से छह सीटें मुंबई की हैं। लोकसभा चुनाव को लेकर बॉलीवुड सितारों में भी जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है। मुंबई में मतदान के दौरान बॉलीवुड सितारों ने सुबह-सुबह पोलिंग बूथ पर पहुंच कर मतदान किया।

ये सितारे आम लोगों के साथ लाइन में लगकर वोट कर रहे हैं और ये लोग आम लोगों को भी वोट करने को घर से निकलने की अपील कर रहे हैं। सुबह से ही बॉलीवुड फिल्मी सितारों की तस्वीरें सामने आ रही हैं। फिल्मी सितारों ने मतदान केंद्र पर जाकर मतदान किया और साथ ही सोशल मीडिया पर इसको लेकर पोस्ट भी शेयर किये।

बॉलीवुड के बिग बी अमिताभ बच्चन परिवार संग वोट डालने पहुंचे। पत्नी जया बच्चन, बेटे अभिषेक बच्चन और बहू ऐश्वर्या राय बच्चन संग अमिताभ बच्चन ने जुहू के पोलिंग बूथ में वोट किया है। मथुरा से भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी ने बेटियों संग मतदान किया।

मुंबई के विले पार्ले स्थित पोलिंग बूथ पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी संग बेटी ईशा देओल और अहाना देओल भी मौजूद रहीं। हेमा मालिनी ने कहा वोट देना जरूरी है। पूरे परिवार के साथ वोट दें, काम हुआ है, देश आगे बढ़ रहा है।

इन दिनों अपनी फिल्म दबंग 3 की शूटिंग में व्यस्त सलमान खान ने मुंबई में बांद्रा इलाके के मतदान केंद्र की बूथ संख्या 283 में जाकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। रणवीर सिंह ने भी वोट किया। रणवीर के साथ उनके पिता भी मौजूद थे। मुंबई में संगीतकार जावेद अख्तर और अभिनेत्री शबाना आजमी ने वोट किया है। अभिनेता संजय दत्त ने पत्नी मान्यता के साथ मुंबई में मतदान किया। उन्होंने कहा कि वह इस चुनाव में अपनी बहन प्रिया दत्त के साथ हैं।

राकेश रोशन अपने बेटे रितिक रोशन और पूरे परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे, उन्‍होंने कहा कि सभी अपने घरों से निकलें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें। पूर्व मिस यूनिवर्स लारा दत्ता ने बांद्रा इलाके में मतदान किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्होंने इसकी एक तस्वीर भी साझा की।

अर्जुन कपूर ने भी वोट डालने के बाद मीडिया से कहा कि लोग घर में क्‍यों बैठे हैं, उन्‍हें वोट करना चाहिए, हर व्‍यक्ति का कर्तव्‍य है वोट करना चाहिए। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्‍पा शेट्टी अपनी बहन के साथ वोट देने पहुंची थी। उन्‍होंने भी लोगों से वोट डालने की अपील की। करण जौहर, दीया मिर्जा ने भी मतदान किया।

फिल्मी सितारों में सुबह सबसे पहले तस्वीर सामने आई थी प्रख्यात अभिनेत्री रेखा की। रेखा उन फिल्मी हस्तियों में रहीं हैं जो सुबह जल्दी वोट देती हैं। रेखा ने बांद्रा के एक बूथ पर मतदान किया। रेखा माउंट मेरी स्कूल, बांद्रा में वोट करती हैं और हर बार मतदान के दिन सुबह सबसे पहले पहुंचने की कोशिश करती हैं। इस बार भी उन्होंने ऐसा ही किया। वोट देने के बाद रेखा ने मीडिया से बात नहीं की लेकिन उंगली दिखाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित जरूर किया।

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने पत्नी किरण राव के साथ बांद्रा के सेंट एनीज़ हाई स्कूल में मतदान किया। इस मौके पर उन्‍होंने कहा आज बेहद खुशी का दिन है, सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। सभी को अपने कर्तव्‍यों को पूरा करना चाहिए।

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी मुंबई के पैडर रोड इलाके में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। माधुरी दीक्षित ने जुहू के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। बॉलीवुड के सिंघम स्टार अजय देवगन ने पत्नी एवं अभिनेत्री काजोल के साथ मतदान किया। अभिनेत्री करीना कपूर ने भी मतदान किया। बाद में करीना ने मीडिया के सामने आकर अपनी स्याही लगी उंगली दिखाई।

वरुण धवन को पिछली बार महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान वोट डालने को नहीं मिला था क्योंकि मतदाता सूची में उनका नाम नहीं था। आज वह पिता डेविड धवन के साथ वोट डालने आये। अर्जुन रामपाल ने बांद्रा इलाके में वोटिंग की और उसके बाद बताया कि कैसे वह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद महसूस कर रहे हैं। निर्देशक मधुर भंडारकर भी वोट देने आए।

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने मतदान किया और इसको लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए एक पोस्ट भी डाली है। इस वीडियो में वह लोगों से मतदान करने की अपील कर रहे हैं। अभिनेता इमरान हाशमी ने भी मतदान किया। इससे जुड़ी पोस्ट को उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। बॉलीवुड के चरित्र अभिनेता परेश रावल भी पत्नी ‘स्वरूप संपत’ के साथ मतदान करने पहुंचे। उन्होंने विले पार्ले स्थित जमना बाई स्कूल में पोलिंग बूथ पर मतदान किया।

भोजपुरी अभिनेता रवि किशन ने गोरेगांव में वोट डाला। रवि किशन को भाजपा ने गोरखपुर से टिकट दिया है। बॉलीवुड की देशी गर्ल प्रियंका चोपड़ा जोनस ने भी मतदान किया। इसको लेकर उन्होंने एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है। इस तस्वीर में प्रियंका ने लिखा,“ यही वह पल है, जो मायने रखता है. हर वोट एक आवाज है जो काउंट होगी।

कैंसर फाइटर सोनाली ब्रिंदे ने भी जुहू में जमनाबाई नर्सी स्कूल में वोट डाला। गुजरे जमाने के कई मशहूर चरित्र किरदार निभाने वाली अभिनेत्री शोभा खोटे ने जुहू के एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया। मिलिंद गुनाजी, संजय खान, फरहा खान, टाइगर श्राफ, अफताब शिवदासानी, विशाल भारद्वाज, तारा सुतारिया, पायल रोहतगी, संग्राम सिंह, ऋचा चड्डा ने भी अपना वोट डाला।