Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
lok sabha polls 2019 : Almost 60% voter turnout recorded in Madhya Pradesh-मध्यप्रदेश में मतदान संपन्न, साठ प्रतिशत से अधिक वोट पड़े - Sabguru News
होम Madhya Pradesh Bhopal मध्यप्रदेश में मतदान संपन्न, साठ प्रतिशत से अधिक वोट पड़े

मध्यप्रदेश में मतदान संपन्न, साठ प्रतिशत से अधिक वोट पड़े

0
मध्यप्रदेश में मतदान संपन्न, साठ प्रतिशत से अधिक वोट पड़े
lok sabha polls 2019 : Almost 60% voter turnout recorded in Madhya Pradesh
lok sabha polls 2019 : Almost 60% voter turnout recorded in Madhya Pradesh

भोपाल। मध्यप्रदेश में आज भोपाल समेत आठ संसदीय क्षेत्रों में शाम छह बजे मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया और एक करोड़ 44 लाख से अधिक मतदाताओं में से 60 प्रतिशत से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

शाम छह बजे तक भोपाल में लगभग 61.71 प्रतिशत, राजगढ़ में 68.90 प्रतिशत, विदिशा में 65.31 प्रतिशत, गुना में 64.80, सागर में 60.42, ग्वालियर में 56.39 फीसदी, भिंड में 50.82 प्रतिशत और मुरैना में 54.36 प्रतिशत मतदान होने की सूचनाएं मिली हैं। हालाकि अभी यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।

यहां पहुंची सूचनाओं के अनुसार मतदान समाप्ति के समय शाम छह बजे तक पंक्ति में लगे लोगों को वोट डालने दिया जा रहा है। वोट डालने का क्रम सुबह सात बजे शुरू हुआ था। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। हालांकि भिंड में प्रशासन ने ऐहतियात के तौर पर कुछ जनप्रतिनिधियों समेत अनेक लोगों को नजरबंद रखा।

मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ संसदीय सीटों के लिए 18 हजार एक सौ 41 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। मतदाताओं की कुल संख्या एक करोड़ 44 लाख 41 हजार से अधिक है। इन आठ सीटों पर प्रत्याशियों की कुल संख्या 138 है।

इस चरण में भोपाल सीट पर सभी की निगाहें लगी हुई हैं, जहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का मुकाबला भाजपा की प्रज्ञा सिंह ठाकुर से है। दोनों प्रत्याशियों की छवि की बदौलत इस संसदीय क्षेत्र पर मुकाबला बेहद रोचक, लेकिन प्रमुखता से ‘धर्म’ आधारित हो गया है।

मुरैना में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रामनिवास रावत से है। श्री तोमर वर्तमान में ग्वालियर से सांसद हैं, लेकिन इस बार उनकी सीट बदल दी गई। यहां बसपा ने करतार सिंह भड़ाना को चुनावी मैदान में उतार कर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास किया है।

सिंधिया परिवार का गढ़ कही जाने वाली गुना में वरिष्ठ कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। यहां उनका मुकाबला भाजपा के केपी यादव से है। विदिशा में भाजपा के रमाकांत भार्गव और कांग्रेस के शैलेंद्र पटेल के बीच चुनावी दंगल है।

भिंड सीट पर कांग्रेस ने युवा प्रत्याशी देवाशीष जरारिया पर दांव खेला है। श्री जरारिया भाजपा की संध्या राय के मुकाबले चुनावी मैदान में हैं। ग्वालियर में भाजपा के विवेक शेजवलकर और कांग्रेस के अशोक सिंह आमने सामने हैं।

राजगढ़ में कांग्रेस की मोना सुस्तानी और भाजपा के मौजूदा सांसद रोडमल नागर के मुकाबले में हैं। सागर में भाजपा की कमान राजबहादुर सिंह के हाथ में है, जो कांग्रेस प्रत्याशी प्रभु सिंह ठाकुर को चुनौती दे रहे हैं।

स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान कराने के उद्देश्य से 79 हजार से अधिक मतदान कर्मचारियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 45 हजार से अधिक पुलिस अधिकारी कर्मचारी और केंद्रीय सुरक्षा बल के कर्मचारी लगाए गए हैं। चार हजार से अधिक क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान की गयी है। यहां पर सीसीटीवी कैमरों और वेबकॉस्टिंग के जरिए निगरानी की जा रही है।

मध्यप्रदेश में छह सीटों पर 29 अप्रेल को और सात सीटों पर 6 मई को मतदान हो चुका है। आज तीसरे चरण में आठ सीटों पर मतदान हुआ। शेष आठ सीटों पर 19 मई को वोट डाले जाएंगे।