Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
lok sabha polls 2019 : Almost 54% voter turnout recorded in uttar pradesh-लोकसभा चुनाव : उत्तर प्रदेश में 54 फीसदी से अधिक मतदान - Sabguru News
होम Headlines लोकसभा चुनाव : उत्तर प्रदेश में 54 फीसदी से अधिक मतदान

लोकसभा चुनाव : उत्तर प्रदेश में 54 फीसदी से अधिक मतदान

0
लोकसभा चुनाव : उत्तर प्रदेश में 54 फीसदी से अधिक मतदान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 14 लोकसभा सीटों पर रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 54.12 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयाेग कर 174 उम्मीदवारों की राजनीतिक भविष्य को इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में बंद कर दिया।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी वेंकटेश्वर लू ने बताया कि लोकसभा चुनाव के छठे चरण में पूर्वी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकर नगर, श्रावती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आज़मगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और दिन चढ़ने के साथ ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी लंबी कतारे लग गई।

शाम छह बजे तक सबसे अधिक 58.78 प्रतिशत मतदान अंबेडकरनगर में हुआ जबकि इलाहाबाद में सबसे कम यानी 50.58 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मतदान प्रतिशत में एक प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है।

इन क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने संयुक्त रूप से अपने उम्मीदवार उतारे जबकि भारतीय जनता पार्टी ने सभी सीटों पर और कांग्रेस ने आजमगढ़ में अपना उम्मीदवार नहीं उतारा। आजमगढ़ से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव मैदान में है जिनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ से है।

इस चरण में अखिलेश यादव के अलावा केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी (सुल्तानपुर), प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी (इलाहाबाद), औेर मुकुट बिहारी वर्मा(अंबेडकरनगर), भाजपा नेता जगदंबिका पाल (डुमरियागंज), कांग्रेस के रमाकांत यादव (भदोही) औेर संजय सिंह (सुलतानपुर) के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा। कांग्रेस ने मेनका गांधी के खिलाफ सुल्तानपुर से डॉ संजय सिंह को मैदान में उतारा है।

वेंकटेश्वर लू ने बताया कि निर्वाचन शाम छह बजे तक सुल्तानपुर में 54.56, प्रतापगढ़ में 53.20, फूलपुर में 51.38, इलाहाबाद में 50.58, अम्बेडकर नगर में 58.78, श्रावती में 51.41, डुमरियागंज में 51.80, बस्ती में 58, संत कबीर नगर में 53.30, लालगंज में 55.70, आज़मगढ़ में 56.20, जौनपुर में 54.80, मछलीशहर में 53.20 और भदोही में 54.76 फीसदी मतदान हो चुका था।

सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान में पहले दो घंटे के दौरान 9.28 फीसदी वोट पड़े जबकि 11 बजते बजते 21.98 फीसदी तक पहुंच गया। मौसम का मिजाज भी मतदाताओं के अनुकूल रहा। तेज रफ्तार हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई जिससे दोपहर में भी मतदान की रफ्तार सामान्य रही। दोपहर एक बजे तक मतदान का प्रतिशत 34.92 था।

इस दौरान इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन की गड़बड़ी और झड़प की छिटपुट घटनाओं से मतदान में मामूली व्यवधान उत्पन्न हुआ। आजमगढ़ के किशनपुर गांव में प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र पर पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के पहुंचने पर वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया जिससे बचने के लिए दुर्गा प्रसाद यादव मौके से खिसक गए।

करीब आधे घंटे बाद यादव जब अपने वाहन से वापस आ रहे थे तो पांच-छह लोगों ने उनके वाहन पर हमला कर दिया। इस हमले में दुर्गा प्रसाद यादव की गाड़ी का शीशा टूट गया। इसके बाद उनके साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें दौड़ाया तो भाग निकले।

भदोही में औराई के लक्ष्मण बूथ पर बवाल होने के बाद भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर ने कथित रूप से पीठासीन अधिकारी की पिटाई कर दी। अधिकारी का आरोप है कि विधायक फर्जी मतदान के लिए दबाव बना रहे थे जिसका विरोध करने पर उनकी पिटाई कर दी गई। इस मामले में भास्कर के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।

प्रयागराज समेत कुछ अन्य स्थानों पर इस दौरान इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में आई दिक्कतों को तकनीकी विभाग ने ठीक कर लिया। भीषण गर्मी के मद्देनजर मतदाताओं के लिए पीने का पानी, शेड और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई।

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में इस चरण की आजमगढ़ संसदीय सीट को छोड़कर सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा था। इस चरण में सबसे अधिक 20 उम्मीदवार जौनपुर संसदीय सीट पर चुनाव मैदान में हैं।

इसके बाद सुल्तानपुर, लालगंज, आजमगढ़ और मच्छलीशहर में 15-15, फूलपुर और इलाहाबाद में 14-14, भदोई में 12, अंबेडकरनगर और बस्ती में 11-11, श्रावती में दस, प्रतापगढ़ में आठ और संत कबीर नगर और डुमरियागंज में सबसे कम सात सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।