Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Lok Sabha election results 2019 : uttar pradesh 80 seats results-लोकसभा चुनाव परिणाम : यूपी में मोदी ऐतिहासिक जीत की राह पर, राहुल किला बचाने में लगे - Sabguru News
होम Headlines लोकसभा चुनाव परिणाम : यूपी में मोदी ऐतिहासिक जीत की राह पर, राहुल किला बचाने में लगे

लोकसभा चुनाव परिणाम : यूपी में मोदी ऐतिहासिक जीत की राह पर, राहुल किला बचाने में लगे

0
लोकसभा चुनाव परिणाम : यूपी में मोदी ऐतिहासिक जीत की राह पर, राहुल किला बचाने में लगे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वाराणसी संसदीय सीट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ खड़े उम्मीदवार जमानत बचाने के लिये संघर्षरत है वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना किला बचाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है।

लोकसभा चुनाव में दोपहर एक बजे तक मिले रूझानों के अनुसार सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी राज्य की 80 में से 57 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है वहीं पिछले चुनाव में दो सीटों पर सिमटी कांग्रेस को इस बार एक एक सीट के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

वर्ष 2014 में खाता खोलने से वंचित रही बहुजन समाज पार्टी को हालांकि गठबंधन का फायदा मिला है और पार्टी 12 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है वहीं सपा को कोई खास लाभ मिलता नहीं दिख रहा है। पार्टी को इस चुनाव में अपने दो किलों को बचाने की लड़ाई लड़नी पड़ रही है हालांकि पिछले चुनाव के मुकाबले पार्टी को कम से कम दो सीटों की बढ़त भी मिलती नजर आ रही है।

वाराणसी में विपक्ष का सूपड़ा साफ करते हुए मोदी ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर हैं। अपनी निकटतम प्रतिद्धंदी सपा की शालिनी यादव के मुकाबले उन्हें दोपहर एक बजे तक दो लाख 19 हजार 563 वोट ज्यादा मिले हैं वहीं कांग्रेस के अजय राय 65857 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

अमेठी में भाजपा की स्मृति ईरानी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को कड़ी टक्कर दे रही हैं। दोपहर एक बजे तक गांधी को मिले 59 हजार 836 मतों के मुकाबले ईरानी को 62 हजार 524 वोट मिले हैं। रायबरेली में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन अध्यक्ष सोनिया गांधी अपने निकटतम प्रतिद्धंदी दिनेश प्रताप सिंह से 4378 मतों से बढत बनाए हुए हैं।

लखनऊ में केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की लोकप्रियता बरकरार है। फिल्मी दुनिया से आई पूनम सिन्हा सपा के टिकट पर भाजपा के दिग्गज को विजय का साफ रास्ता दिखा रही है। सिन्हा के मुकाबले सिंह ने एक लाख 60 हजार मतों से निर्णायक बढत बना ली है।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का पहले ही चुनाव में सूपड़ा साफ होता नजर आ रहा है। अपने भतीजे अक्षय यादव के खिलाफ फिरोजाबाद में ताल ठोक रहे शिवपाल तीसरे नम्बर पर टिके हैं जबकि चाचा भतीजे की लडाई का फायदा भाजपा के चंद्रसेन जादौन उठाते नजर आ रहे हैं। अक्षय 5564 वोटों से पिछड़ रहे हैं।

शुरूआती दौर में पिछड़ रहे रालोद अध्यक्ष अजित सिंह ने मुजफ्फरनगर में 2906 मतों से बढ़त बना ली है जबकि उनके पुत्र जयंत चौधरी बागपत में भाजपा के सत्यपाल सिंह से 33205 मतों से पिछड़ रहे है। भाजपा की मेनका गांधी को बसपा के चंद्रभद्र सिंह से कड़ी लडाई लड़नी पड़ रही है। मेनका गांधी इस सीट पर 4408 मतों से आगे चल रही है।

मैनपुरी सीट पर सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य से 8195 मतों से आगे चल रहे हैं जबकि बदायूं में सपा के धर्मेन्द्र यादव को अपना किला बचाने के लिए भाजपा की डा संघमित्र मौर्य से कड़ी टक्कर मिल रही है। यहां यादव भाजपा प्रत्याशी से मात्र 540 वोटों से आगे चल रहे हैं। हालांकि आजमगढ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 85 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।

मथुरा में भाजपा की हेमामालिनी ने रालोद के कुंवर नरेन्द्र सिंह से एक लाख 38 हजार 527 मतों से निर्णायक बढत बना ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिष्ठा से जुडी गोरखपुर सीट पर भाजपा फिर से अपना कब्जा जमाने को आतुर है। यहां भाजपा के रविकिशन दो लाख 21 हजार 23 वोटों से आगे चल रहे हैं। गाजियाबाद में भाजपा के वीके सिंह सपा के सुरेश बंसल से एक लाख 84 हजार 48 मतों से निर्णायक बढत बनाए हुए हैं।

गौतमबुद्धनगर में भाजपा के डा महेश शर्मा बसपा के सतवीर से एक लाख 1189 मतों से आगे चल रहे हैं। फतेहपुर सीकरी सीट से किस्मत आजमा रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर भाजपा के राजकुमार चाहर से एक लाख 16 हजार मतों से पिछड़ रहे हैं वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा महेन्द्र नाथ पांडेय चंदौली में 27307 मतों की बढत के साथ निर्णायक जीत की ओर अग्रसर हैं।