Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Lok Sabha election results 2019 : Haryana 10 seats results-लोकसभा चुनाव परिणाम : हरियाणा की सभी दस सीटों पर BJP आगे - Sabguru News
होम Chandigarh लोकसभा चुनाव परिणाम : हरियाणा की सभी दस सीटों पर BJP आगे

लोकसभा चुनाव परिणाम : हरियाणा की सभी दस सीटों पर BJP आगे

0
लोकसभा चुनाव परिणाम : हरियाणा की सभी दस सीटों पर BJP आगे

चंडीगढ़। देश में आम चुनावों के तहत हरियाणा की दस लोकसभा सीटों के लिए गत 12 मई को हुए चुनाव की आज हो रही मतगणना के अब तक के प्राप्त रूझानों में भारतीय जनता पार्टी ने सभी दस सीटों पर बढ़त बना ली है।

फरीदाबाद संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, अम्बाला में रतन लाल कटारिया, करनाल में संजय भाटिया, सोनीपत में रमेश चंद्र कौशिक, गुरूग्राम में राव इंद्रजीत सिंह, कुरूक्षेत्र में नायब सिंह सैनी, भिवानी-महेंद्रगढ़ में निवर्तमान सांसद धर्मबीर सिंह, रोहतक में अरविंद शर्मा, हिसार में बृजेंद्र सिंह, सिरसा में सुनीता दुग्गल, आगे चल रहे हैं।

वहीं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और सोनीपत से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रोहतक से उनके पुत्र और निवर्तमान सांसद दीपेद्र सिंह हुड्डा, सिरसा में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर, अम्बाला से पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा जैसे दिग्गज मतगणना के शुरूआती दौर में पिछड़ गए हैं।

हिसार से निवर्तमान सांसद और जननायक जनता पार्टी के दुष्यंत चौटाला भी भाजपा प्रत्याशी से पीछे चल रहे हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने सात, इंडियन नेशनल लोकदल दो और कांग्रेस ने एक लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की थी।

मतगणना में 11 महिलाओं समेत 223 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला होगा। इनमें अनेक दिग्गज नेता केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृष्ण पाल गुर्जर, निवर्तमान सांसद रतनलाल कटारिया, धर्मबीर सिंह, दीपेंद्र हुड्डा, दुष्यंत चौटाला, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर, कैप्टन अजय यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा आदि शामिल हैं।

राज्य में गत 12 मई को हुए चुनावों में 70.34 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। राज्य में हुये लोकसभा चुनावों के इतिहास में यह पांचवीं बार है जब मतदान का आंकड़ा 70 प्रतिशत को छू सका है। जबकि वर्ष 2016 के लोकसभा चुनाव में 71.86 प्रतिशत मतदान हुआ था।

इस बार सिरसा संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक 75.97 प्रतिशत तथा फरीदाबाद में सबसे कम 64.12 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा कुरूक्षेत्र में 74.32 प्रतिशत, हिसार में 72.37 प्रतिशत, अम्बाला में 71.12 प्रतिशत, रोहतक में 70.57 प्रतिशत, सोनीपत में 70.96 प्रतिशत, भिवानी-महेन्द्रगढ़ में 70.49 प्रतिशत, गुड़गांव में 67.36 प्रतिशत तथा करनाल में 68.35 प्रतिशत मतदान हुआ था।

हरियाणा के एक नवम्बर 1966 को अस्तित्व में आने के बाद वर्ष 1967 में हुए प्रथम लोकसभा चुनाव में 72.61 प्रतिशत, वर्ष 1971-64.35 प्रतिशत, वर्ष 1973-73.26 प्रतिशत, वर्ष 1981-64.76 प्रतिशत, वर्ष 1984-66.64 प्रतिशत, वर्ष 1989-64.41 प्रतिशत, वर्ष 1991-65.24 प्रतिशत, वर्ष 1996-70.48 प्रतिशत, वर्ष 1998-68.99 प्रतिशत, वर्ष 1999-63.68 प्रतिशत, वर्ष 2004-65.72 प्रतिशत, वर्ष 2009-67.48 प्रतिशत, वर्ष 2014-71.86 प्रतिशत और वर्ष वर्ष 2019 में यह 70.34 प्रतिशत मतदान हुआ था।