Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
rajasthan bjp chief madan lal saini passes away-राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी का निधन - Sabguru News
होम Breaking राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी का निधन

राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी का निधन

0
राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी का निधन

जयपुर। राजस्थान बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी का निधन हो गया है। वे कई दिनों से बीमार चल रहे थे। गत शुक्रवार को ही उन्हें इलाज के लिए दिल्ली एम्स ले जाया गया था।

एम्स में उनका आपरेशन भी हुआ था। बावजूद इसके उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार शाम को उन्होंने अंतिम सांस ली।  वे राज्यसभा सदस्य भी थे। सैनी के निधन के चलते राज्यसभा की कल की कार्यवाही स्थगित रहेगी।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संवाददाताओं से कहा कि सैनी के पार्थिव शरीर को रात में जयपुर ले जाया जाएगा और वहां से अंतिम संस्कार के लिए उनके पार्थिव शरीर को सीकर ले जाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सैनी के शव को लेप करने के बाद रात में जयपुर ले जाया जाएगा। यहां पार्टी दफ्तर में सैनी के पार्थिव शरीर को लोगों केे अंतिम दर्शन के लिए सुबह साढ़े सात बजे से 10 बजे तक रखा जाएगा। फिर सैनी के शव को सीकर ले जाया जाएगा, जहां अपराह्न तीन अंतिम संस्कार किया जाएगा।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सैनी के निधन पर शोक जताया है। गहलोत ने लिखा, ‘राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदद लाल सैनी जी के निधन के बारे में सुनकर हैरान और दुखी हूं। मेरे विचार और प्रार्थना उनके परिवार के सदस्यों के साथ हैं। भगवान उन्हें इस क्षति को सहने की शक्ति दे। उनकी आत्मा को शांति मिले।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी मदनलाल सैनी के निधन पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मदन लाल सैनी जी का निधन भाजपा परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने राजस्थान में पार्टी को मजबूत करने में योगदान दिया। मेरे विचार उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सैनी के निधन पर शोक जताया। राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन लाल सैनी जी के निधन से मैं स्तब्ध हूं। मदनजी एक कुशल संगठनकर्ता होने के साथ सहज एवं सरल व्यक्ति के रूप में प्रतिष्ठित थे। शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदना। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। ओम् शांति!

गृह मंत्री अमित शाह ने भी शोक जताते हुए लिखा कि मदनलाल सैनी जी का निधन भाजपा परिवार के लिए एक अपूर्णिय क्षति है। मैं दुःख की इस घड़ी में शोककुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रभु से प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति शांति शांति।

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी सैनी के निधन पर शोक जताया। राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, राज्यसभा सांसद, भाजपा के वरिष्ठ नेता मदनलाल सैनी के आकस्मिक निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!

सैनी को पिछले साल जून में ही राजस्थान बीजेपी की कमान सौंपी गई थी। उस वक्त राजस्‍थान बीजेपी अध्‍यक्ष के पद को लेकर करीब ढाई माह तक अध्यक्ष पद को लेकर माथापच्ची चली थी। विवाद इसलिए गहरा गया था क्योंकि तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गजेंद्र सिंह को राजस्थान बीजेपी का अध्‍यक्ष नहीं बनने देना चाहती थीं।

ज्ञातव्य है कि मदन लाल सैनी पिछड़ा वर्ग (माली) से आते थे।  सैनी झुंझुनूं के गुढ़ा विधानसभा से विधायक रहे। वे जनसंघ के समय से राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उन्हें वसुंधरा राजे समर्थित माना जाता रहा है। इससे पहले वो बीजेपी में प्रदेश महामंत्री, अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। बीजेपी की अनुशासन समिति का काम भी सैनी संभाल चुके हैं।