Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
भारतीय जनता पार्टी का संगठन पर्व-सदस्यता अभियान आज से - Sabguru News
होम Delhi भारतीय जनता पार्टी का संगठन पर्व-सदस्यता अभियान आज से

भारतीय जनता पार्टी का संगठन पर्व-सदस्यता अभियान आज से

0
भारतीय जनता पार्टी का संगठन पर्व-सदस्यता अभियान आज से

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आज से पूरे देश में संगठन पर्व-सदस्यता अभियान 2019 आरंंभ करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में तथा भाजपा अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह तेलंगाना में शम्साबाद में सदस्यता अभियान का शुभारंभ करेंगे।

भाजपा के उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में शुरू होने वाला यह अभियान 30 जुलाई तक चलेगा। इसके बाद एक से 15 अगस्त से सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान चलेगा। पार्टी ने इस अभियान में सवा दो करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।

पार्टी की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक और सर्वाधिक सदस्यों वाली पार्टी 6 जुलाई, 2019 को कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक और कच्छ से लेकर कामरूप तक पूरे देश के समस्त राज्यों में विभिन्न स्थानों पर एक साथ संगठन पर्व – सदस्यता अभियान 2019 का शुभारंभ किया जाएगा।

संगठन पर्व-सदस्यता अभियान 2019 कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी में करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री सदस्य बनाने हेतु एक निःशुल्क मोबाइल नंबर 8980808080 लॉन्च किया जाएगा। इस नंबर के लॉन्च होते ही पूरे देश के सभी राज्यों में संगठन पर्व का शुभारंभ किया जाएगा।

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा श्री मोदी के साथ वाराणसी में संगठन पर्व – सदस्यता अभियान 2019 के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित रहेंगे। भाजपा अध्यक्ष शाह इस कार्यक्रम की शुरुआत शम्साबाद तेलंगाना से करेंगे।

पार्टी के उपाध्यक्ष, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौहान गुरुग्राम में संगठन पर्व – सदस्यता अभियान 2019 का शुभारंभ करेंगे। वह 11 अगस्त, 2019 तक पूरे देश में सघन प्रवास करेंगे। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह जयपुर और नितिन गडकरी नागपुर में संगठन पर्व – सदस्यता अभियान 2019 कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

इनके अतिरिक्त वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल गोवा, थावरचंद गहलोत छत्तीसगढ़, निर्मला सीतारमण केरल, धर्मेन्द्र प्रधान ओड़िशा, रवि शंकर प्रसाद चेन्नई, एस जयशंकर अहमदाबाद, प्रकाश जावड़ेकर तिरुपति, मुख्तार अब्बास नकवी नागपुर और नरेन्द्र तोमर चंडीगढ़ में सदस्यता अभियान का शुभारंभ करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय राष्ट्रीय महासचिव भूपेन्द्र यादव पटना, अनिल जैन गुरुग्राम, अरुण सिंह रांची, सरोज पांडेय महाराष्ट्र और कैलाश विजयवर्गीय मध्य प्रदेश में सदस्यता अभियान का शुभारंभ करेंगे।

इस अवसर पर पूरे देश में आयोजित सभी जगहों के कार्यक्रमों में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्री, भाजपा के केन्द्रीय पदाधिकारी, सभी मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, एवं प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक भाग लेंगे। इस अवसर पर सभी केन्द्रीय मंत्री सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेतागण पूरे देश में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारीगण भी इस सदस्यता अभियान के दिनों में पूरे देश में सघन प्रवास करेंगे। सभी राज्यों के विभिन्न क्षेत्रों में एक लाख 75 हजार सदस्यता विस्तारक (सजग एवं सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता) दिनों के सघन प्रवास पर संपर्क के लिए निकलेंगे जो देश भर की 10 लाख पोलिंग बूथों पर व्यक्तिगत रूप से पहुंच कर सदस्यता अभियान के इस लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।

इस शुभारंभ कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण के कार्यक्रम के साथ होगी। विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत जन संघ के पुराने सदस्यों के सम्मान के साथ की जाएगी। लाभार्थियों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, शहीदों के परिवारों एवं झुग्गी-झोपड़ियों में सघन संपर्क कर सदस्य बनाया जाएगा।

मॉल, बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक केन्द्रों पर एक अभियान लेकर नुक्कड़ सभाओं/नाटकों द्वारा, रोड शो के माध्यम से, केनोपी एवं स्टॉल लगाकर एवं मोबाइल द्वारा मिस्ड कॉल करवाकर सदस्यता लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। इस अभियान में संपर्क करते समय यह विशेष ध्यान रखा जाएगा कि समाज का छोटा से छोटा एवं बड़ा से बड़ा कोई वर्ग न छूटे।

पार्टी की महिला मोर्चा द्वारा महिलाओं के छोटे-छोटे दल बनाकर घर-घर, आंगन-आंगन सघन संपर्क कर सदस्यता अभियान को सफल बनाया जाएगा। इस सदस्यता अभियान का मुख्य उद्देश्य पुराने सदस्यों को सत्यापित करते हुए भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने की इच्छा वाले समस्त भारतीयों को भाजपा परिवार का सदस्य बनाना है।