Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
आगरा में भीषण सड़क हादसा, बस सवार 29 लोगों की मृत्यु - Sabguru News
होम UP Agra आगरा में भीषण सड़क हादसा, बस सवार 29 लोगों की मृत्यु

आगरा में भीषण सड़क हादसा, बस सवार 29 लोगों की मृत्यु

0
आगरा में भीषण सड़क हादसा, बस सवार 29 लोगों की मृत्यु

आगरा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार तड़के लखनऊ से दिल्ली जा रही राज्य परिवहन निगम की डबल डेकर बस यमुना-एक्सप्रेस वे पर झरना नाले में गिरने से 29 लोगों की मृत्यु हो गई और 18 घायल हो गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बस हादसे में यात्रियों की मौत पर दुख जताते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली आनंद विहार जा रही अवध डिपो की जनरथ बस डबल डेकर बस एत्मादपुर क्षेत्र में यमुना-एक्सप्रेस वे पर तड़के करीब साढ़े चार बजे झरना नाले में गिर गई। उन्होंने बताया कि हादसे में 29 लोगों की मृत्यु हो गई।

मृतकों में 27 पुुरुष, एक महिला और बालक शामिल है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस और सभी लोगों को नाले से निकाल लिया गया है। नाले में अभी तलाश की जा रही है कहीं कोई यात्री एवं उनका सामान तो नाले में नहीं है।

उन्होंने बताया कि घायल 18 लोगों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। घायलों में दो की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। बस पुल की रैलिंग तोड़कर करीब 15 फिट नाले में जा गिरी।

कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही बचाव एवं राहत का काम शुरु कर दिया गया था। वे पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को शवों को नाले से निकलवाया। उन्होंने बताया शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और इसके लिए डाक्ट्ररों की तीन टीमें गठित की गई हैं।

योगी ने दिए घटना की जांच के आदेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 29 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। योगी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को इस हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा तथा परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह से अविलम्ब घटना स्थल एवं चिकित्सालयों पहुंचकर राहत एवं उपचार व्यवस्था का अनुश्रवण करने की अपेक्षा की है।

योगी ने दुर्घटना की जांच परिवहन आयुक्त, आगरा मण्डलायुक्त आगरा तथा महानिरीक्षक की समिति से कराए जाने के आदेश दिए हैं। यह समिति दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की रोक-थाम के लिए अपनाए जाने वाले उपायों के सम्बन्ध में भी अपनी संस्तुति देगी। जांच समिति अपनी रिपोर्ट 24 घण्टे के अन्दर प्रस्तुत करेगी।

राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस हादसे में गम्भीर रूप से घायल लोगों को 2.50 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

यमुना एक्सप्रेस-वे बस हादसे पर राजनाथ ने जताया शोक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सोमवार तड़के भीषण बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सिंह ने भीषण बस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुई दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु के दुखद समाचार से मैं व्यथित हूं। दुर्घटना के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है। मुख्यमंत्री ने उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को दुर्घटनास्थल पर भेजा है।