Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
जनाक्रोश से घबरा कर राहुल गांधी को बदलना पड़ा बयान : भाजपा - Sabguru News
होम Breaking जनाक्रोश से घबरा कर राहुल गांधी को बदलना पड़ा बयान : भाजपा

जनाक्रोश से घबरा कर राहुल गांधी को बदलना पड़ा बयान : भाजपा

0
जनाक्रोश से घबरा कर राहुल गांधी को बदलना पड़ा बयान : भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी पर जम्मू-कश्मीर को लेकर देश को शर्मसार करने का आज आराेप लगाया और कहा कि वह देश से इसके लिए माफी मांगें। भाजपा ने यह भी कहा कि गांधी को देश में लोगों के आक्रोश के कारण यू-टर्न लेना पड़ा है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी हरकतों से देश को शर्मिन्दा किया है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के बारे में टिप्पणियां की हैं कि राज्य के बहुत बुरे हालात हैं। वहां हिंसा एवं लोगों के मारे जाने की रिपोर्टें हैं।

जावड़ेकर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हालात खराब नहीं हैं, वहां कोई हिंसा नहीं है और न ही वहां कोई माैत हुई है। उन्होंने कहा कि गांधी के बयान का पाकिस्तान ने इस्तेमाल किया है और पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में जम्मू-कश्मीर को लेकर जो याचिका दाखिल की है उसमें गांधी के बयान के हवाले से हिंसा और लोगों के मारे जाने का आराेप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि गांधी के बयान से देश शर्मसार हुआ है जो वास्तविकता से दूर है। वह ऐसा करके पाकिस्तान के हाथों में खेल गए हैं। उनके बयान काे पाकिस्तान ने बतौर सबूत संयुक्त राष्ट्र में पेश किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वायनाड से जीतते ही गांधी की सोच ही बदल गई। उन्होंने कहा कि गांधी के बयान के बाद देशभर में लोगों में जो आक्रोश भरी प्रतिक्रिया हुई है, उससे बाध्य हो कर गांधी को अब यू टर्न लेना पड़ा है लेकिन इससे बात बनने वाली नहीं है। गांधी को और कांग्रेस पार्टी को देश से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि गांधी और 11 राजनीतिक दलों के नेता जम्मू-कश्मीर गए थे लेकिन कश्मीर की जनता ने देश की मुख्यधारा से जुड़ने और विकास की यात्रा में शामिल होने का फैसला कर लिया है और इससे इन नेताओं को निराशा हुई है। बुधवार से बाजार खुल गए हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में जो हुआ है बहुत दूरगामी परिणाम होंगे।

जावड़ेकर ने कहा कि गांधी एवं विपक्षी नेताओं के श्रीनगर जाने का उद्देश्य भड़काने का था। देश में आपातकाल लगाने वाले क्षेत्रीय एवं जरूरी प्रतिबंधों को लेकर चिंतित हैं जो अस्थायी रूप से लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा मणिशंकर अय्यर की विचारधारा है। यही उसका असली चेहरा है।

पाकिस्तान के मंत्रियों की धमकियों के बारे में पूछे जाने पर जावड़ेकर ने कहा कि पाकिस्तान की धमकियों से स्थिति में बदलाव आने वाला नहीं है। भारत बहुत मजबूती से खड़ा है। इसलिए धमकियों का कोई मतलब नहीं है।