Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
भारत को विकसित राष्ट्र के रुप में खड़ा करके रहेंगे : राजनाथ सिंह - Sabguru News
होम Headlines भारत को विकसित राष्ट्र के रुप में खड़ा करके रहेंगे : राजनाथ सिंह

भारत को विकसित राष्ट्र के रुप में खड़ा करके रहेंगे : राजनाथ सिंह

0
भारत को विकसित राष्ट्र के रुप में खड़ा करके रहेंगे : राजनाथ सिंह

जयपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यकीन दिलाते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पंडित दीन दयाल उपाध्याय के दिखाये रास्ते पर चलकर काम कर रही हैं और भारत को विश्व के विकसित राष्ट्र के रुप में खड़ा करके रहेंगे।

सिंह बुधवार को जयपुर के पास धानक्या रेलवे स्टेशन पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मारक पर उनकी 103वीं जयंती समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कहा कि मैं यकीन दिलाता हूं कि केन्द्र सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और सिद्धांतों पर काम कर रही है और उन्होंने जो रास्ता दिखाया, उस पर आगे बढते रहेंगे और देश को विश्व के विकसित राष्ट्र के रुप में खड़ा करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि अब भारत समृद्धशाली, शक्तिशाली एवं विश्व के कल्याण की चिंता करने वाला भारत बनेगा।

उन्होंने कहा कि इस कारण हाउडी मोदी कार्यक्रम में भारत के लोगों का सीना चौड़ा हुआ है और मोदी अमरीका के राष्ट्रपति का हाथ पकड़कर सीना तानकर आगे बढ़ रहे है। इससेे हर भारतवासी काे गौरव की अनुभूति हुई है। इससे पहले वर्ष 1893 में स्वामी विवेकानंद ने शिकागो धर्म सम्मेलन में भारत गौरान्नवित हुआ। उन्होंने कहा कि आज भारत कमजोर नहीं, ताकतवर बन गया है और दुनिया को यह ऐहसास हो रहा है।

सिंह ने कहा कि कच्छ एवं कश्मीर समस्या पर जनसंघ ने ही आंदोलन किया। भारत की सीमा छोटी हुई तब यह काम जनसंघ और उसके बाद भाजपा ने किया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल ने हमेशा मान, सम्मान एवं स्वाभीमान के लिए काम किया और अब हम उनके बताए रास्ते पर चल रहे है।

उन्होंने कहा कि पचास साल पहले बैंकों का राष्ट्रीयकरण हुआ लेकिन पचास वर्षों तक गरीबों के हितों का अधिकार नहीं मिला, पहली बार किसी ने किया तो वह है मोदी सरकार, जिसने प्रधानमंत्री जनधन योजना चलाकर लोगों के खाता खोलने का काम किया और जरुरत पड़ने पर पांच हजार रुपए का ओवर ड्राफ्ट लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार का पैसा जनता तक पूरा नहीं पहुंच पाता था, अब दिल्ली की बैंक का पैसा सीधा लोगों के खाते में पूरा चला जाता है। यह मोदी के शासन में ही संभव हुआ है।

सिंह ने कहा कि इस योजना के तहत 34 करोड़ नए बैंक खाते खुल गए है और उनका बीमा हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के लिए समर्पित होकर काम कर रही है और इसके लिए शौचालय सहित कई काम कर रही हैं। महिलाओं को इज्जत देने के लिए शौचालय का नाम इज्जत घर रखा गया है।

उन्होंने कहा कि इसी तरह लोगों के स्वास्थ्य के मद्देनजर आयुष्मान भारत योजना शुरु की गई जो दुनिया में इस तरह की योजना किसी के पास नहीं है। इसके तहत पांच लाख रुपए तक मुफ्त इलाज कराया जा सकता है। इस योजना के तहत 43 लाख लोगों का इलाज तथा दस करोड़ लोगों का पंजीयन हो चुका है।

सिंह ने कहा कि धानक्या में दीनदयाल उपाध्याय खेलकर बड़े हुए। उनका यहां बचपन बीता। अब इस स्मारक को और भव्य बनाने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि अब यहां सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के लोग भी जब भारत भ्रमण पर आएंगे तब दीनदयाल का स्मारक देखते धानक्या जरूर आएंगे। यह जानने कि वह कौनसी विचारधारा थी, जिसने देश के नवनिर्माण में राजनीतिक दिशा में अह्म योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि जब भारत के दो टुकड़े हो चुके थे उसके बाद खंडित भारत को नई दिशा और विचार देने की जरुरत थी। तब दीनदयाल ने एकात्म मानववाद भारतीय राजनीति को नया विचार देने आए। उन्होंने एकात्म मानववाद की विचारधारा को तब प्रतिपादित किया। जबकि लोग मानते थे कि पूंजीवाद, समाजवाद और साम्यवाद। इनमें एक ही विचारधारा है, जो देश और देश की राजनीति को चला सकती है।

इससे पहले सिंह ने दीनदयाल उपाध्याय स्मारक पर उनकी मूर्ति पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा स्मारक का अवलोकन किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के सह सर कार्यवाह डा कृष्ण गोपाल, केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार, पूर्व केन्द्रीय मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ एवं सीआर चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, विधायक एवं नेता राजेन्द्र सिंह राठौड़, कालीचरण सराफ, वासुदेव देवनानी, रामलाल शर्मा सहित कई पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।