Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
नहीं रहे पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन, 86 साल की उम्र में निधन - Sabguru News
होम Tamilnadu Chennai नहीं रहे पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन, 86 साल की उम्र में निधन

नहीं रहे पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन, 86 साल की उम्र में निधन

0
नहीं रहे पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन, 86 साल की उम्र में निधन

चेन्नई। भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन का रविवार को यहां उनके आवास पर निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। शेषन का निधन रात करीब साढे नौ बजे दिल का दौरा पड़ने से हुआ। वर्ष 1955 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी शेषन 1990 से 1996 तक देश के मुख्य चुनाव आयुक्त थे। इन्हें भारत की चुनाव व्यवस्था में सुधार लाने के लिए जाना जाता है।

पूर्व चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी ने ट्वीट करके शेषन के निधन की जानकारी दी। कुरैशी ने कहा कि यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि शेषन हमारे बीच नहीं रहे। उनका निधन कुछ देर पहले हो गया। वह अपने उत्तराधिकारियों के लिए सच्चे आदर्श थे। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।

गौरतलब है कि देश की चुनाव प्रकिया को पारदर्शी बनाने में अहम योगदान के लिए शेषन को प्रसिद्ध रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। शेषन ने वर्ष 1997 में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें केआर नारायण के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

चुनाव आयोग ने शेषन के निधन पर दुख जताया

चुनाव आयोग ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने अपने शोक संदेश में कहा है कि शेषन के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है और वह उन्हें अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त करते हैं। वह सभी मुख्य चुनाव आयुक्तों और चुनाव आयोग के सदस्यों के लिए हमेशा प्रेरणा के स्रोत रहे हैं। चुनाव प्रणाली में सुधार लाने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनके योगदान और सेवाओं को भुलाया नहीं जा सकता है।

मोदी ने शेषन के निधन पर जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मोदी ने ट्वीट कर कहा कि शेषन एक बेहतरीन प्रशासनिक अधिकारी थे। उन्होंने अत्यंत परिश्रम और निष्ठा के साथ देश की सेवा की। चुनाव सुधार में उनके प्रयासों ने हमारे लोकतंत्र को मजबूत बनाया है। उनके निधन से गहरा दुख पहुंचा। ओम शांति।