Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
PM Modi attacks JMM-Congress alliance, says it follows politics of deception - Sabguru News
होम Breaking सत्ता पाने को बेचैन हो रही है कांग्रेस : PM मोदी

सत्ता पाने को बेचैन हो रही है कांग्रेस : PM मोदी

0
सत्ता पाने को बेचैन हो रही है कांग्रेस : PM मोदी
PM Modi attacks JMM-Congress alliance, says it follows politics of deception
PM Modi attacks JMM-Congress alliance, says it follows politics of deception
PM Modi attacks JMM-Congress alliance, says it follows politics of deception

खूंटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर सत्ता पाने के लिए डर का माहौल बनाने एवं लोगों को भ्रमित करने का आरोप लागते हुए आज कहा कि इन दोनों दलों का एकमात्र एजेंडा झारखंड को लूटना है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मोदी ने यहां बिरसा कॉलेज स्टेडियम में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और झामुमो के इतिहास को ध्यान में रखते हुए झारखंड के लोगों को इन दोनों दलों से सचेत रहने की जरूरत है। दोनों दलों की नजर राज्य के संसाधनों पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झामुमो के नेता झारखंड का विकास और औद्योगिकरण को बढ़ावा देना नहीं चाहते हैं क्योंकि उनका मानना है कि विकास होने पर यदि लोगों के पास पैसे आ गए तो इन दोनों पार्टियों को कोई नहीं पूछेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस और झामुमो का एकमात्र एजेंडा झारखंड को लूटना है। उन्होंने कहा कि सत्ता पाने के लिए ये दोनों दल राज्य में न केवल डर का माहौल बना रहे हैं बल्कि लोगों को गुमराह करने की भी कोशिश कर रहे हैं। इसलिए मैं आपलोगों से कहना चाहता हूं कि मतदान के दिन बड़ी संख्या में आप अपने मताधिकार का प्रयोग कर कांग्रेस और झामुमो के झूठ और अफवाहों को हमेशा के लिए समाप्त कर दें। मतदाता कमल के निशान पर बटन दबाकर केंद्र की तरह झारखंड में भी फिर से भाजपा की सरकार बनाएं। ऐसा होने से भाजपा की केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार से प्रदेश का अप्रत्याशित विकास होगा।”

मोदी ने कहा कि पहले चरण में 30 नवंबर को तेरह सीटों के लिए हुए मतदान से तीन बातें स्पष्ट हुई हैं। लोकतंत्र को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान के प्रति झारखंड के लोगों की आस्था अभूतपूर्व है। भाजपा सरकार ने नक्सलवाद की कमर तोड़ी है। उसे बहुत छोटे इलाके तक समेट दिया गया है। उससे डर का माहौल कम हुआ है और विकास का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान के समय यहां माहौल खराब करने की कोशिश हुई। पूरे देश ने देखा है, लेकिन झारखंड के लोगों ने इन कोशिशों को नाकाम कर दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद स्पष्ट हो गया है कि झारखंड के लोगों में भाजपा सरकार के प्रति एक विश्वास की भावना है। झारखंड का विकास केवल भाजपा ही कर सकती है। यही भावना उन्हें खूंटी में दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास के लिए फिर से भाजपा की सरकार का बनना जरूरी है और यहां कि जनता सहजता से यह बात कह भी रही है कि प्रदेश के विकास के लिए ‘झारखंड पुकारा, भाजपा दोबारा।’

मोदी ने कहा कि झारखंड के लोगों को डबल इंजन की सरकार का फायदा मिल रहा है। हर व्यक्ति को केंद्र और राज्य सरकार की किसी ना किसी योजना का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिना किसी जाति और पंथ के भेदभाव के प्रदेश का विकास किया है। उनकी सरकार का मूलमंत्र है ‘सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास।’

प्रधानमंत्री ने पूर्व में अपने खूंटी दौरे को याद करते हुए कहा कि वह जिला न्यायालय में सौर ऊर्जा प्रणाली का उद्घाटन करने के लिए वर्ष 2015 में खूंटी आए थे। उस समय यह एक सपने की तरह था लेकिन आज झारखंड में न केवल 40 मेगावाट सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है बल्कि बिजली के लिए छतों पर सौर प्लेट लगाए जा रहे है, जो अन्य माध्यमों से विद्युत प्राप्त करने के मुकाबले काफी सस्ता है। उन्होंने कहा कि गेतलसद और धुर्वा डैम के निकट देश का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना की जाएगी।

मोदी ने कहा कि खूंटी में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) का टर्मिनल बनकर तैयार हो गया है और इसे शीघ्र पारादीप पाइपलाइन से जोड़ दिया जाएगा। ऐसे होने से दक्षिणी झारखंड को यहां से तेल की आपूर्ति की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा रक्षा विश्वविद्यालय एवं ज्ञान सिटी शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए नए अवसरों का सृजन करेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने राज्य के किसानों और आदिवासियों के जीवन को आसान बना दिया है। वे अब न केवल प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं बल्कि उन्हें कृषि आशीर्वाद योजना के तहत 5000 रुपये भी मिल रहे हैं। जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है उन्हें यह लाभ नहीं मिल पा रहे हैं।

मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इसने गरीब आदिवासियों और दलितों से झूठे वादे करके पड़ोसी राज्यों में सरकार तो बना ली लेकिन सत्ता पाने के बाद ये लोग अपने वादे भूल गए, जिससे लोगों को सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झामुमो की राजनीति आम लोगों को ठगने और केवल अपने हितों को साधने की है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए खूंटी में 3000 सखी मंडल का गठन किया गया है और इससे 40 हजार परिवारों को जोड़ा गया है। भाजपा चाहती है कि प्रत्येक परिवार की कम से कम एक महिला सखी मंडल से जुड़े। इससे उन्हें अपनी आया बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में झारखंड की रानी मिस्त्री की चर्चा हो रही है, जिन्होंने शौचालयों के निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाई है। झारखंड सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत चूल्हे के साथ ही दो-दो सिलेंडर भी उपलब्ध कराए हैं, जिससे महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है।

मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार का विशेष ध्यान जनजातीय क्षेत्रों पर है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ही सरकार थी, जिसने झारखंड राज्य का गठन कर भगवान बिरसा मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि दी । उन्होंने कहा कि वाजपेयी सरकार ही थी, जिसने आदिवासियों के कल्याण के लिए अलग मंत्रालय का गठन किया, जिसके वर्तमान मंत्री इसी क्षेत्र के सांसद अर्जुन मुंडा हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार विकास के अलावा देश में दशकों पुरानी समस्याओं का समाधान भी कर रही है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को समाप्त कर उसे केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लाख व्यवधानों के बावजूद उनकी सरकार ने अयोध्या में राम जन्मभूमि एवं बाबरी मस्जिद विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कर दिया है। उन्होंने कहा कि राजकुमार राम 14 वर्ष का वनवास काटने के बाद ‘मर्यादा पुरुषोत्तम राम’ बनकर लौटे थे और यह केवल उनके आदिवासियों के साथ समय बिताने के कारण संभव हुआ था।

मोदी ने कहा कि आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के साथ छेड़छाड़ करने की इजाजत किसी को भी नहीं है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने आदिवासियों के बीच 60 हजार वन पट्टा वितरित किया है और जब दुबारा भाजपा की सरकार बनेगी तो और 30000 से 40 हजार वन पट्टे वितरित किए जाएंगे।

इस मौके पर केंद्रीय जनजातीय मामले मंत्री अर्जुन मुंडा, खूंटी के पूर्व सांसद करिया मुंडा, रामविचार नेटम, नंदकिशोर यादव, रांची के सांसद संजय सेठ, महेश पोद्दार के साथ ही खूंटी, तमाड़, तोरपा, रांची, हटिया, खिजरी और कांके के भाजपा प्रत्याशी उपस्थित थे।