Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
पाकिस्तान की तरह ही भारत का विरोध कर रही है कांग्रेस : मोदी - Sabguru News
होम Breaking पाकिस्तान की तरह ही भारत का विरोध कर रही है कांग्रेस : मोदी

पाकिस्तान की तरह ही भारत का विरोध कर रही है कांग्रेस : मोदी

0
पाकिस्तान की तरह ही भारत का विरोध कर रही है कांग्रेस : मोदी

दुमका (झारखंड)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ देश का विरोध करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि राम जन्मभूमि विवाद से लेकर अनुच्छेद 370 की समाप्ति पर जैसा विरोध पाकिस्तान करता रहा वैसा ही नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कांग्रेस कर रही है।

मोदी ने यहां हवाईअड्डा मैदान में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के प्रयासों की बदौलत ही कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति के कारण दशकों से लंबित अयोध्या राम जन्मभूमि विवाद और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त हुआ।

इसके बाद पाकिस्तान के लोगों ने लंदन में भारतीय उच्चायोग कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं, अब जब पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में सताए गए अल्पसंख्यकों को भारत में सम्मान देने के लिए नागरिकता संशोधन कानून लाया गया तो कांग्रेस भी पाकिस्तान की तरह ही इसका विरोध कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की संसद ने नागरिकता कानून में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। इस बदलाव के कारण पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में अलग धर्म का पालन करने की वजह से बेइंतहां जुल्म सह चुके हिंदू, ईसाई, सिख, पारसी, जैन और बौद्धों को सम्मान मिलेगा। ये वैसे लोग हैं जिन्हें वहां से अपना गांव, घर, परिवार सब कुछ छोड़कर भारत में शरणार्थी की जिंदगी जीने के लिए मजबूर होना पड़ा।

मोदी ने कहा कि उन सताए हुए अल्पसंख्यकों के जीवन को सुधारने और उन्हें सम्मानपूर्ण जिंदगी देने के लिए देश की संसद में भारी बहुमत से नागरिकता देने का निर्णय किया तो कांग्रेस और उसके साथी तूफान खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का विरोध नहीं चल पाया तो वह आगजनी कर रही।

उन्होंने कहा कि असम और पूर्वोत्तर के राज्यों में जो आग लगा रहे हैं, ये कौन हैं, उनके कपड़ों से ही पता चल जाता है। कांग्रेस से देश का भला करने की उम्मीद नहीं बची है। वह और उसके सहयोगी सिर्फ और सिर्फ अपने परिवार के बारे में सोचते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों को बस एक ही बात पता है, जहां भी मौका मिले भाजपा का विरोध करो, मोदी को गाली दो, वे बस यही कर रहे हैं। भाजपा का विरोध करते-करते इन्हें देश का विरोध करने की आदत हो गई है। इसमें वे कई बार सीमा रेखा भी लांघ देते हैं।

उन्होंने नागरिकता संशोधन विधेयक पारित होने के बाद असम एवं पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में शुरू हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि हमारा विरोध करने वालों देखकर आप आखें मूंद लेते हो तो यह सबकुछ देश देख रहा है। इस जनसभा में उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि उनकी सरकार और संसद ने देश को बचा लिया है।

मोदी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने जो कारनामे किए हैं, उससे सिद्ध हो गया है कि उनकी सरकार और संसद ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में सताए गए हिंदू, सिख, इसाई, बौद्ध और जैनियों की नागरिकता का जो निर्णय लिया है वह शत-प्रतिशत सही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह असम के भाइयों-बहनों का सर झुकाकर अभिनंदन करते हैं कि उन्होंने हिंसा करने वालों को अपने से अलग कर दिया है। वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब असम और पूर्वोत्तर के लोग ऐसा व्यवहार कर रहे हैं कि देश का मान-सम्मान बढ़े।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस से देश की भलाई की उम्मीद नहीं की जा सकती है। वह केवल अपने परिवार के बारे में ही सोचती है। उन्होंने झारखंडवासियों को स्मरण कराया कि यदि बाबा तिलकामांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो ने केवल स्वहित और अपने परिवार के बारे में सोचा होता तो क्या समाज के लिए कुछ कर पाते। क्या अंग्रेजों के खिलाफ लड़ पाते। ये तमाम सेनानी और शहीद अपने परिवार और स्वहित से ऊपर उठकर, समाज के हित में, राष्ट्र के हित में खड़े हुए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ऐसे ही संस्कारों को धारण करती है, उनको सम्मान देती है। उन्होंने वादा किया कि भाजपा की सरकार आपको पूछे बगैर, आपकी अनुमति के बगैर कोई भी कदम नहीं उठा सकती। जनहित, जनभावना और आपकी इच्छा ही हमारे लिए सर्वोपरि है।

मोदी ने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में उन्हें आदिवासियों के बीच रहने का मौका मिला है इसलिए वह और उनकी सरकार आदिवासियों की दुख-तकलीफ को भलीभांति समझती है। उन्होंने कहा कि उनमें आदिवासियों को लेकर सेवा की भावना है और यह भाव उन्हें अन्य लोगों से अलग बनाती है।

उन्होंने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने जिन पर भरोसा किया और जिन्हे मान-सम्मान दिया वे सत्ता के सिंहासन पर बैठते ही आपको भूल गए। उन्हें आपकी चिंता नहीं है। उन लोगों ने तो केवल अपना भला किया और अपने लिए महल बनावाए।

प्रधानमंत्री ने झारखंड के लोगों को सावधान करते हुए कहा कि वे (कांग्रेस-झामुमो) अभी भी सुधरे नहीं हैं। ऐसे लोगों को आपके दुख तकलीफ से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि झामुमो और कांग्रेस के पास झारखंड के विकास का न कोई रोडमैप है, न कोई इरादा है और न ही उन्होंने भूतकाल में राज्य के लोगों के लिए कुछ किया है। उन्हें केवल इतना पता है कि जब मौका मिले भाजपा का विरोध करो और मोदी को गाली दो।

मोदी ने कहा कि झामुमो लंबे समय से कांग्रेस की सहयोगी रही है। दिल्ली में भी, बिहार में भी और फिर झारखंड में भी सरकारों में सहयोगी रही है। इतने वर्षों में इन लोगों ने झारखंड की पहचान के साथ पिछड़ा शब्द जोड़ दिया।

उन्होंने यहां के लोगों पर खर्च होने वाले पैसे को लूटा और गरीबों को पाई-पाई के लिए मोहताज बना दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड के 20 जिले ऐसे हैं, जहां कांग्रेस और उसके सहयोगी वर्षों से शासन के बावजूद बुनियादी सुविधाएं तक नहीं पहुंचा पाए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भाजपा की ही सरकार है, जिसने झारखंड के इन 20 जिलों को पिछड़े की बजाय आकांक्षी घोषित किया। उन्होंने कहा कि आज देश के शीर्ष 100 जिलों में तीन झारखंड के हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो, कांग्रेस और वामदलों के लिए झारखंड का विकास कभी प्राथमिकता रही ही नहीं। यही कारण है कि सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सुविधाएं और शिक्षा से कोई वंचित रहा तो वह आदिवासी क्षेत्र के लोग ही रहे हैं।

मोदी ने कहा कि लेकिन 21वीं सदी में हमें ऐसा झारखंड स्वीकार्य नहीं है। इस राज्य में रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी में सुधार के लिए भाजपा सरकार काम कर रही है। झाराखंड के बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर न जाना पड़े इसलिए सरकार राज्य के प्रत्येक प्रखंड में एक एकलव्य विद्यालय की स्थापना कर रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष में देश की सबसे बड़ी योजना की शुरुआत झारखंड से ही हुई है। वह चाहे स्वरोजगार के लिए मुद्रा योजना हो या गरीबों को पांच लाख रुपए तक मुफ्त बीमा के लिए आयुष्मान भारत योजना।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले पांच साल में देश में 11 करोड़ से अधिक शौचालयों को निर्माण कराया है, जिनमें से 36 लाख झारखंड में बने हैं। उज्ज्वला योजना के तहत झारखंड में 33 लाख परिवार को रसोई गैस कनेक्शन दिया गया है, जिनमें से 12 लाख कनेक्शन आदिवासी परिवारों को उपलब्ध कराया गया है।

राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 10 लाख पक्के मकान बनवाए गए हैं। अभी आठ लाख आवासों का निर्माण कराया जा रहा है। वर्ष 2022 तक कोई ऐसा नहीं होगा, जिसके पास पक्का मकान न हो।

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने हर घर तक नल का जल पहुंचाने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। झारखंड में भी सिंचाई की समस्याओं का समाधान करने के लिए उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि झामुमो और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों का तो केवल इस पर ध्यान रहा कि सिंचाई विभाग में किसका कितना शेयर होगा। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में पाइपलाइन कनेक्टिविटी दोगुनी हो गई है। यहां की सिंचाई व्यवस्था को उत्तम बनाया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने वादा किया कि भाजपा का आदिवासियों के प्रति सेवा भाव ही उनके जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा की गारंटी देता है। झारखंड में आध्यात्म और आस्था से जुड़े पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं और भाजपा सरकार इसके विकास के लिए भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संथाली भाषा और साहित्य ज्ञान का अद्भुत खजाना है।

उन्हें खुशी है कि इस बार संसद सत्र के दौरान राज्यसभा में संथाली भाषा में भाषण हुआ और इसके लिए राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि हम ऐसी सरकार चलाते हैं, जिसका कोई रिमोट कंट्रोल नहीं होता। हम ऐसी सरकार चलाते हैं, जिसका केवल एक ही हाईकमान है और वह है जनता जनार्दन।

इस मौके पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय जनजातीय मामले मंत्री अर्जुन मुंडा, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, दुमका के सांसद सुनील सोरेन के साथ ही संथाल परगना से भाजपा के सभी प्रत्याशी, नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।