Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
गहलोत सरकार पर बरसे बीजेपी अजमेर देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतडा - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer गहलोत सरकार पर बरसे बीजेपी अजमेर देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतडा

गहलोत सरकार पर बरसे बीजेपी अजमेर देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतडा

0
गहलोत सरकार पर बरसे बीजेपी अजमेर देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतडा

अजमेर। भारतीय जनता पार्टी नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रही कांग्रेस की असलियत आम जनता के सामने लाने के लिए बूथ स्तर तक अभियान चलाएगी। बीते 70 साल में देश में विस्थापित खुद को बदनसीब समझते रहे। उनके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मसीहा बनकर आए और नागरिकता संशोधन बिल लेकर आए ताकि उन्हें भी सम्मानजनक जीवन जीने का हक मिले। लेकिन कांग्रेस और उसके साथी दल देश को गुमराह कर रहे हैं।

बीजेपी अजमेर देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतडा ने ये बात बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इस बिल का समर्थन महात्मा गांधी, तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने लियाकत समझौते में और 2012 में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी किया। इसके बावजूद प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत स्वयं सडक पर उतरकर जनता को भडकाने का काम कर रहे हैं जो कि शर्मनाक है। लोकसभा और विधानसभा में पारित बिल का विरोध संविधान का माखौल उडाने जैसा है। सीएए नागरिकता देने का बिल है न कि किसी की नागरिकता छीनने का। लेकिन कांग्रेस भ्रम फैलाने से बाज नहीं ​आ रही।

मुख्यमंत्री गहलोत प्रदेश पर ध्यान न देकर सोनिया गांधी व राहुल गांधी को खुश करने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। गहलोत सरकार को एक साल पूरा हो गया लेकिन प्रदेश की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। अपने घोषणापत्र पर अमल करने में असफल कांग्रेस के राज में शिक्षित बेरोजगार भत्ते के लिए तरस रहे हैं। किसान कर्जमाफी की आस लगाए बैठे हैं। कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है, महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। सवाल उठना लाजमी है कि ऐसे में सरकार का इकबाल कहां है। ऐसे में अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए वह जनता को गुमराह कर रही है।

भाजपा शासन में शुरू की गई भामाशाह योजना को बंद कर आम गरीब से खिलवाड किया गया।बीजेपी शासन में लागू की गई विकास योजनाओं को ठप कर उसके लिए स्वीकृत बजट को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया है। अजमेर जिले से चिकित्सा मंत्री होने के बावजूद आमजन अस्पताल में असुविधाओं के चलते त्रस्त्र है। भूतडा ने चुटकी लेते हुए कि चिकित्सा मंत्री अपने ग्रहक्षेत्र केकडी पर अधिक ध्यान केन्द्रीत कर रहे हैं, उन्हें यह भी ध्यान रखना चाहिए कि बाकी प्रदेश को भगवान भरोसे नहीं छोडा जा सकता।

भूतडा ने कहा कि पंचायती राज चुनाव में इन समस्त विषयों को आमजन के बीच भाजपा लेकर जाएगी। इसकी तैयारी के तहत हमने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रवार बैठक कर रणनीति बनाई है। आगामी दिनों में जिले की बैठक के बाद पंचाय​त समिति व पंचायत स्तर तक पहुंचकर कांग्रेस की कारगुजारियों से जनता को अवगत कराएंगे।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनाव से डरी हुई है। नगर निकायों के चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया, उसी तरह कांग्रेस, पंचायत चुनाव में भी सरकारी मशीनरी के बलबूते चुनाव जीतने का सपना संजोकर बैठी है। कांग्रेस पंचायत चुनाव में कामयाब नहीं होगी और भाजपा की विजय पताका फहरेगी।

एक सवाल के जवाब में भूतड़ा ने बताया कि एक जनवरी से अजमेर ही नहीं पूरे प्रदेश में भाजपा संगठन की ओर से जन जागरण अभियान शुरू किया जा रहा है। अजमेर जिले में इसका आगाज आज ब्यावर से किया गया। अभियान में नागरिकता संशोधन कानून के साथ पंचायत चुनाव को लेकर भी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता को जगाने का काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया गुरुवार को अजमेर के बिड़ला सिटी वाटर पार्क में भाजपा संगठन की बैठक लेकर मार्गदर्शन करेंगे।

इस मौके सांसद भागीरथ चौधरी, विधायक सुरेश सिंह रावत, शंकर सिंह रावत, अजमेर देहात उपाध्यक्ष नारायण सिंह तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कंवलप्रकाश किशनानी भी मौजूद थे।