Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राहुल गांधी साबित करें कि CAA मुसलमानों के खिलाफ है : अमित शाह - Sabguru News
होम Headlines राहुल गांधी साबित करें कि CAA मुसलमानों के खिलाफ है : अमित शाह

राहुल गांधी साबित करें कि CAA मुसलमानों के खिलाफ है : अमित शाह

0
राहुल गांधी साबित करें कि CAA मुसलमानों के खिलाफ है : अमित शाह

हुबली। केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनौती दी कि वह यह साबित करके दिखाएं कि नागरिकता संशोधन कानून भारतीय मुसलमानों से नागरिकता छीन लेगा।

शाह ने गांधी को सीएए का अच्छी तरह से अध्ययन करने की सलाह भी दी और कहा कि नए कानून में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जिसके तहत अल्पसंख्यकों की नागरिकता छीन ली जाएगी। उन्होंने कांग्रेस और गांधी पर भ्रम फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

गृह मंत्री ने कहा कि मैं राहुल गांधी को चुनौती देता हूं…सीएए को पूरी तरह से पढ़े और अगर आपको इसमें कोई ऐसी चीज मिलती है जो भारतीय मुसलमानों की नागरिकता छीन लेगा तो हमारे प्रहलाद जोशी (संसदीय कार्य मंत्री) आपके साथ बहस करने के लिए तैयार हैं।

शाह ने भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘जन जागरण अभियान’ के तहत यहां सीएए को लेकर आयोजित सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर धर्म के आधार पर देश को बांटने का आरोप लगाया।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस, वाम दल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, जनता दल (सेक्यूलर), बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी पर सीएए को लेकर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।

उन्होंने दावा किया कि दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने देश में कठिन से कठिन समस्याओं का समाधान किया है। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और पार्टी के कई अन्य नेता भी मौजूद थे।