Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
दिल्ली विधानसभा चुनाव : एग्जिट पोल में आप की सत्ता में वापसी - Sabguru News
होम Delhi दिल्ली विधानसभा चुनाव : एग्जिट पोल में आप की सत्ता में वापसी

दिल्ली विधानसभा चुनाव : एग्जिट पोल में आप की सत्ता में वापसी

0
दिल्ली विधानसभा चुनाव : एग्जिट पोल में आप की सत्ता में वापसी

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के ज्यादातर एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी सत्ता में वापसी करती दिखाई दे रही है जबकि भारतीय जनता पार्टी को दूसरे नम्बर पर और कांग्रेस को अधिकतम चार सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए शाम छह बजे मतदान समाप्त होने के बाद विभिन्न चैनलों और संस्थाओं के एग्जिट पोल में आप की सत्ता में वापसी की बात कही गई है।

टाइम्स नाउ ने आप को 44, भाजपा को 26 और कांग्रेस को कोई सीट नहीं दी है। रिपब्लिक टीवी और जन की बात ने आप को 48 से 61, भाजपा को 9 से 21 और कांग्रेस को शून्य से एक सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।

न्यूज एक्स और नेता एप ने आप को 53 से 57, भाजपा को 11 से 17 और कांग्रेस को शून्य से 2 सीटें मिलने की बात कही है। सुदर्शन टीवी ने आप को 40 से 45, भाजपा को 24 से 28 और कांग्रेस को 2 से 3 सीट दी हैं।

इसबीच दिल्ली विश्वविद्यालय के विकासशील देश अनुसंधान केन्द्र ने भी सबसे बड़े नमूना आधार के दावे के साथ अपना सर्वेक्षण पेश किया है जिसमें आम आदमी पार्टी को 60.04 प्रतिशत वोटों के साथ 68 सीटें तथा भाजपा को 30.9 प्रतिशत वोट के साथ केवल दो सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। कांग्रेस को 6.7 फीसदी के साथ कोई सीट नहीं मिलने तथा अन्य को 2.2 प्रतिशत मत मिलने की संभावना जताई गई है।

आधिकारिक आंकडों के अनुसार 6 बजे तक विधानसभा चुनाव में 57.06 प्रतिशत मत पड़े। अभी दिल्ली में आप की सरकार है और पिछले चुनाव में उसे 67 सीटों के साथ जोरदार बहुमत मिला था। भाजपा को केवल 3 जबकि कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी।