Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
सियासी दांव : मध्यप्रदेश के तीन कांग्रेस MLAs अभी भी नहीं लौटे भोपाल - Sabguru News
होम Madhya Pradesh Bhopal सियासी दांव : मध्यप्रदेश के तीन कांग्रेस MLAs अभी भी नहीं लौटे भोपाल

सियासी दांव : मध्यप्रदेश के तीन कांग्रेस MLAs अभी भी नहीं लौटे भोपाल

0
सियासी दांव : मध्यप्रदेश के तीन कांग्रेस MLAs अभी भी नहीं लौटे भोपाल

भोपाल। मध्यप्रदेश में सियासी सरगमियों के कारण चर्चा में आए तीन कांग्रेस विधायक अब भी वापस भोपाल नहीं पहुंचे हैं। इन विधायकों में वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह, हरदीप सिंह डंग और रघुराज कंसाना शामिल हैं।

निर्दलीय और सरकार को शुरू से समर्थन देने वाले विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा शनिवार दोपहर विमान से यहां पहुंचे थे और उन्होंने दिन में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। इसके बाद शाम को उनके वापस दिल्ली जाने की खबरें आईं।

शेरा उन चार विधायकों में शामिल थे, जिन्हें कथित तौर पर दक्षिण के एक राज्य की राजधानी स्थित महंगे रिसार्ट में रखे जाने की सूचनाएं यहां पहुंची थीं। शेरा ने कल मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा में दावा किया था कि वे कमलनाथ सरकार को समर्थन शुरू से देते आ रहे हैं और आगे भी देते रहेंगे। इस बीच कांग्रेस के रणनीतिकार इन तीन विधायकों को भी वापस लाने का प्रयास कर रहे हैं।

इसके अलावा एक भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी को लेकर भी असमंजस की स्थिति दिखायी दे रहे हैं। वे हाल के दिनों में दो तीन बार मुख्यमंत्री कमलनाथ और विधानसभा अध्यक्ष एन पी प्रजापति से मुलाकात कर चुके हैं। त्रिपाठी विधानसभा में एक बार कांग्रेस के पक्ष में मतदान भी कर चुके हैं। हालाकि त्रिपाठी का यही दावा है कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात अपने विधानसभा क्षेत्र मैहर के विकास को लेकर की हैं।

दूसरी ओर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों के चयन की कवायद भी कर रही है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकनपत्र दाखिले की अंतिम तिथि 13 मार्च हैं। इस तिथि तक सभी प्रत्याशियों की ओर से नामांकनपत्र दाखिल किए जाना आवश्यक है। इसके अलावा 16 मार्च से राज्य विधानसभा का महत्वपूर्ण बजट सत्र भी शुरू हो रहा है।