Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
मोदी के आह्वान को क्रियान्वित करने में भूमिका निभाएं भाजपा कार्यकर्ता : नड्डा - Sabguru News
होम Delhi मोदी के आह्वान को क्रियान्वित करने में भूमिका निभाएं भाजपा कार्यकर्ता : नड्डा

मोदी के आह्वान को क्रियान्वित करने में भूमिका निभाएं भाजपा कार्यकर्ता : नड्डा

0
मोदी के आह्वान को क्रियान्वित करने में भूमिका निभाएं भाजपा कार्यकर्ता : नड्डा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ के खिलाफ जंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को क्रियान्वित करने में सक्रिय योगदान दें।

नड्डा ने यहां पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की लड़ाई के मद्देनजर ऑडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये उत्तर भारत के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने कोरोना वायरस से लड़ाई के लिए मोदी की तरफ से किए गए आह्वान के महत्व को रेखांकित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से उसके क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरी दुनिया कोरोना वायरस के संक्रमण से त्रस्त है, यह महामारी लगातार भयावह रूप लेती जा रही है जो मानवता के लिए एक बहुत बड़ा ख़तरा बन गई है। संकट की इस घड़ी में विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में यह हमारा कर्तव्य बनता है कि हम जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएं और देश को एकजुट रखते हुए इस लड़ाई को निर्णायक अंजाम तक पहुंचाते हुए देश को सुरक्षित बनाने में भागीदार बनें। हमें देश की जनता को केंद्र सरकार एवं संबंधित राज्य सरकारों के दिशानिर्देशों का पालन करने के प्रति जागरुक बनाना चाहिए।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप तथा उससे बचाव के संबंध में जो बातें देशवासियों से साझा की हैं, वे अत्यंत प्रेरक और महत्वपूर्ण हैं। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि आप आदरणीय प्रधानमंत्री के निवेदन और सुझावों का अक्षरशः पालन करें और इसमें पूरा सहयोग देते हुए समाज को जागरुक बनाएं।

जनता कर्फ्यू की अभूतपूर्व सफलता का जिक्र करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना वायरस से लड़ने में लोगों ने जो संकल्प दिखाया है, उसके लिए देश के नागरिकों की जितनी भी प्रशंसा की जाय, कम है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने ‘जनता कर्फ्यू’ को ऐतिहासिक बनाने और देश को सुरक्षित बनाने के लिए अथक प्रयास किया गया है। साथ ही, मानवता की रक्षा में तन-मन से जुटे डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, पैरा मिलिट्री फोर्स और सीमा की सुरक्षा में लगे देश के जवानों के समर्थन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने जो एकजुटता दिखाई है, इसके लिए भी सभी कार्यकर्ताओं को वह धन्यवाद देते हैं।

नड्डा ने कहा कि यह एक लंबी लड़ाई की शुरुआत है। इसमें पूरा राष्ट्र जागरुक, सतर्क और एकजुट है। भारतीय जनता पार्टी कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करने के लिए अगले एक महीने तक किसी भी तरह के आंदोलनों, मीटिंग, कांफ्रेंस या प्रदर्शन में भाग नहीं लेगी।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी हर संभव जरूरी कदम उठा रही है। इसी के मद्देनजर कोविड 19 इकॉनोमिक टास्क फोर्स भी गठित की गई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज कई राहत उपायों का एलान किया है जो आम जनता से लेकर उद्योगों तक के लिए महत्वपूर्ण है। आने वाले समय में भी मोदी सरकार निश्चित रूप से कई और राहत भरे कदम उठाएगी।

नड्डा ने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भाजपा परिवार का प्रयास स्वस्थ भारत के लिए बहुत अहम होने वाला है, ऐसे में हम सभी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहिए। आज हमें एकजुट होकर कोरोना संक्रमण के खिलाफ बड़ी लड़ाई लड़ने की जरूरत है। निश्चित रूप से विजय हमारी ही होगी। हमें सोशल मीडिया पर भी सावधान रहना चाहिए और व्हाट्सएप एवं अन्य माध्यमों पर केवल विश्वसनीय संदेश साझा करना चाहिए।