Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह विष्ट का निधन - Sabguru News
होम Headlines यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह विष्ट का निधन

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह विष्ट का निधन

0
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह विष्ट का निधन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह विष्ट का सोमवार को नई दिल्ली में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।

अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती विष्ट ने सुबह 10:44 बजे अंतिम सांस ली। उन्हें 15 मार्च को भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उनको वेंटीलेटर पर रखा गया था। मुख्यमंत्री को अपने पिता के निधन की सूचना मिली जब वह लॉकडाउन की समीक्षा को लेकर टीम 11 की बैठक कर रहे थे।

रविवार रात भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई पार्टी नेताओं ने एम्स पहुंचकर विष्ट की सेहत की जानकारी ली थी। विष्ट का अंतिम संस्कार उनके उत्तराखंड स्थित पैतृक आवास में किया जाएगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विष्ट के निधन पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिजनोें के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

वसुंधरा, पूनिया, कटारिया, बेनीवाल ने जताया दुख

भारतीय जनता पार्टी की उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर दुख व्यक्त किया है। राजे ने सोशल मीडिया के जरिए यह दुख जताते हुए कहा कि बिष्ट के देवलोकगमन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोक-संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करती हूं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया ने भी बिष्ट के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनके निधन के बारे में जानकर अत्यंत दुख हुआ। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करन और परिवार को इस अपार क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

राज्य में प्रतिपक्ष नेता गुलाब चंद कटारिया ने भी उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करने एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने की ईश्वर से कामना की।

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी बिष्ट के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने भी परमात्मा से दिवगंत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्तपरिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

अखिलेश ने योगी के पिता के निधन पर व्यक्त किया शोक

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता श्री आनंद सिह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त किया है। यादव ने ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के पिता के देहावसान पर भावभीनी श्रद्धांजलि!

शिवराज ने योगी आदित्यनाथ के पिता के निधन पर शोक जताया

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्ति की है। चौहान ने ट्वीट कर कहा कि हमारे साथी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पूर्वाश्रम के पूज्य पिता आनंद सिंह बिष्ट आज ब्रह्मलीन हो गए। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को संबल दें।

मायावती ने योगी के पिता के निधन पर व्यक्त किया शोक

बहुजन समाज पाटी अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनन्द सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मायावती ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनन्द सिंह बिष्ट की इलाज के दौरान आज दिल्ली के एम्स में हुई मौत की खबर अति-दुःखद। कुदरत इनके परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

दीक्षित ने योगी के पिता के निधन पर व्यक्त किया शोक

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दीक्षित ने शोक संदेश में कहा कि बिष्ट एक महान प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं पहाड़ों में वनों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध योद्धा की तरह याद किए जाएंगे। उनके न रहने पर सामाजिक जीवन में शून्यता आई है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वह दिवंगत आत्मा को चिर-शांति व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

प्रियंका ने आदित्यनाथ के पिता के निधन पर जताया शोक

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राज्य के मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ के पिता आनंदसिंह बिष्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों को यह दुख सहन करने की भगवान से प्रार्थना की है। वाड्रा ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर इस दुख की घड़ी में परिजनों को कष्ट सहने का साहस दे। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।