Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
पहली बार पेट्रोल से महंगा डीजल, महंगाई बढ़ने की आशंका - Sabguru News
होम Breaking पहली बार पेट्रोल से महंगा डीजल, महंगाई बढ़ने की आशंका

पहली बार पेट्रोल से महंगा डीजल, महंगाई बढ़ने की आशंका

0
पहली बार पेट्रोल से महंगा डीजल, महंगाई बढ़ने की आशंका

Petrol and diesel prices rise

नई दिल्ली। देश के इतिहास में पहली बार डीजल की कीमत पेट्रोल से ज्यादा हो गई है। इससे आम लोगों की जेब पर महंगाई का बोझ बढ़ने की आशंका है क्योंकि डीजल की कीमत बढ़ने से सड़क मार्ग से माल ढुलाई का किराया 12 प्रतिशत तक बढ़ गया है।

तेल विपणन कंपनियों ने डीजल की कीमत में बुधवार को लगातार 18वें दिन बढ़ोतरी की जबकि 17 दिन बाद पेट्रोल के दाम स्थिर रहे। इससे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में डीजल की कीमत पेट्रोल से अधिक हो गई है।

देश के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी भी राज्य में पेट्रोल से महंगा डीजल बिक रहा है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 79.76 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर रही जो 28 अक्टूबर 2018 के बाद का उच्चतम स्तर है। वहीं, डीजल का मूल्य 48 पैसे बढ़कर 79.88 रुपए प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

करीब नौ साल पहले डीजल की तुलना में 68 प्रतिशत अधिक दाम पर पेट्रोल बिकता था। मई 2011 में दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 63.37 रुपए और डीजल की कीमत 37.75 रुपए थी।
जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट थी उस समय तेल विपणन कंपनियों ने 12 सप्ताह तक कीमतों की समीक्षा नहीं की थी।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत एक बार फिर 40 डॉलर के आसपास पहुंचने के बाद उन्होंने पेट्रोल-डीजल के दाम की दैनिक समीक्षा 7 जून से दुबारा शुरू की। पिछले 17 दिन में दिल्ली में पेट्रोल 8.50 रुपए यानी 11.93 प्रतिशत महंगा हुआ। लगातार 18 दिन में डीजल की कीमत 10.49 रुपए यानी 15.12 प्रतिशत बढ़ाई गई है।

इंडियन फाउंडेशन ऑफ ट्रांसपोर्ट रिसर्च एंड ट्रेनिंग के वरिष्ठ फेलो एवं संयोजक एसपी सिंह ने बताया कि डीजल के दाम बढ़ने से इस महीने ट्रकों से माल ढुलाई का किराया 10-12 प्रतिशत तक बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि कारखाने खुल गए हैं और माल की आमद बढ़ गई है। व्यापारी भी माल ढुलाई के बढ़े किराये के लिए तैयार हैं। वे इसका बोझ ग्राहकों पर डाल रहे हैं। इसका असर रोजमर्रा के सामान तथा अन्य उत्पादों की कीमतों पर देखने को मिलेगा।

खास बात यह है कि पेट्रोल-डीजल की कीमत में दो-तिहाई हिस्सा कर तथा शुल्क है। इंडियन ऑयल के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 16 जून को 76.73 रुपए प्रति लीटर थी। डीलर को पेट्रोल 22.44 रुपए प्रति लीटर पर मिल रहा था। डीलर का कमीशन 3.60 रुपए था। शेष 50.69 रुपए कर एवं शुल्क था। हर लीटर पर केंद्र सरकार को उत्पाद शुल्क के रूप में 32.98 रुपये और राज्य सरकार को मूल्यवर्द्धित कर (वैट) के रूप में 17.71 रुपए मिल रहे थे।

इसी प्रकार 16 जून को डीजल की कीमत 75.19 रुपए प्रति लीटर थी जिसमें उत्पाद शुल्क 31.83 रुपए और वैट 17.60 रुपए था। डीलर तक 23.23 रुपए में डीजल पहुंच रहा था और उसका कमीशन 2.53 रुपए प्रति लीटर था।

कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में भी आज पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। पेट्रोल की कीमत कोलकाता में 81.45 रुपए, मुंबई में 86.54 रुपए और चेन्नई में 83.04 रुपए प्रति लीटर रही।

डीजल कोलकाता में 43 पैसे महंगा होकर 75.06 रुपए, मुंबई में 46 पैसे महंगा होकर 78.22 रुपये और चेन्नई में 39 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 77.17 रुपए प्रति लीटर बिका। देश के चार प्रमुख महानगरों में पेट्रोल-डीजल की कीमत (रुपए प्रति लीटर में) इस प्रकार रही-

महानगर———–पेट्रोल—————–डीजल

दिल्ली————79.76(स्थिर)———-79.88(+48)
कोलकाता———81.45(स्थिर)———-75.06(+43)
मुंबई————-86.54(स्थिर)———-78.22(+46)
चेन्नई————83.04(स्थिर)———-77.17(+39)