Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
मध्यप्रदेश : यूपी का कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे मध्यप्रदेश के उज्जैन से अरेस्ट - Sabguru News
होम Breaking मध्यप्रदेश : यूपी का कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे मध्यप्रदेश के उज्जैन से अरेस्ट

मध्यप्रदेश : यूपी का कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे मध्यप्रदेश के उज्जैन से अरेस्ट

0
मध्यप्रदेश : यूपी का कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे मध्यप्रदेश के उज्जैन से अरेस्ट
Notorious gangster Vikas Dubey arrested from Ujjain district of Madhya Pradesh
Notorious gangster Vikas Dubey arrested from Ujjain district of Madhya Pradesh
Notorious gangster Vikas Dubey arrested from Ujjain district of Madhya Pradesh

उज्जैन। उत्तरप्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे और उसके दो साथियों को आज मध्यप्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि दुबे को यहां महाकाल पुलिस चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वह सुबह महाकाल मंदिर में प्रवेश करना चाह रहा था, तभी वहां सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों की सतर्कता की वजह से वह पहचान लिया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हुई और उसे तथा उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे जहां पूछताछ की जा रही है, वहीं उत्तरप्रदेश पुलिस का दल भी उज्जैन के लिए रवाना हो गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उसने महाकाल मंदिर क्षेत्र से भागने की कोशिश भी की, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे ऐसा करने से रोक दिया।

इस बीच राजधानी भोपाल में गृ़ह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से कहा कि विकास दुबे और उसके दो साथियों बिट़टू तथा सुरेश को गिरफ्तार किया गया है। तीनों उज्जैन पुलिस की गिरफ्त में हैं। तीन जुलाई को उत्तरप्रदेश के कानपुर जिले में आठ पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों की हत्या के बाद से वह फरार था और उत्तरप्रदेश पुलिस उसकी जगह जगह तलाश कर रही थी।

अभी भी हेकड़ी नहीं गई विकास दुबे की

मध्यप्रदेश की उज्जैन पुलिस की आज गिरफ्त में आने के बाद भी उत्तरप्रदेश के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की हेकड़ी गई नहीं है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार विकास दुबे को सुबह यहां महाकाल थाना क्षेत्र परिसर से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह कथित तौर पर महाकाल मंदिर में दर्शनों के लिए जा रहा था। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस के जवान उसे वाहन में बिठा रहे थे, तब वह भीड़ की तरफ मुखातिब होते हुए जोर से कह रहा है कि मैं विकास दुबे हूं कानपुर वाला।

इस घटना की वीडियो तत्काल वायरल हो गया। इस बीच विकास के कुछ साथियों के भी हिरासत में लेने की सूचना आयी थी, लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विकास दुबे से यहां पुलिस अधीक्षक स्वयं पूछताछ कर रहे हैं। वहीं इसकी जानकारी उत्तरप्रदेश पुलिस को दे दी गयी है और वहां का पुलिस दल प्रोडक्शन वारंट के तहत उसे लेने शीघ्र ही मध्यप्रदेश पहुंच सकती है।

विकास की गिरफ्तारी से जुड़े बहुत से सवाल हैं, जिनका जवाब अभी आना शेष है। अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विकास दुबे मध्यप्रदेश के उज्जैन तक कब और कैसे पहुंचा। उसके एक रिश्तेदार को उत्तरप्रदेश पुलिस ने शहडोल जिले से दो दिन पहले हिरासत में लिया है।

विकास दुबे पर पूरी निगाह रखी जा रही थी : मिश्रा

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि उत्तरप्रदेश के कानपुर जिले में आठ पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों की हत्या की घटना के बाद से ही पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश को हाईअलर्ट पर रखा गया था और पुलिस की निगाह अपराधियों की गतिविधियों पर थी।

डॉ मिश्रा ने उज्जैन की महाकाल पुलिस चौकी क्षेत्र से सुबह विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद यहां मीडिया के सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने दुर्दांत गैंगस्टर विकास दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि अपराधी बड़ा हो या छोटा, हमारी पुलिस किसी को छोड़ती नहीं है। विकास दुबे को भी हमारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है और वह हमारी गिरफ्त में है।

डॉ मिश्रा ने कहा कि यह कुख्यात बदमाश क्रूरता की पूरी हदें पार करता रहा है। कानपुर की घटना के बाद से ही मध्यप्रदेश पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर थी और अपराधियों पर नजर बनाए हुए थी। उन्होंने कहा कि घटना के और विवरण आने पर जानकारी दी जाएगी।