Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
सैनिकों के बलिदान का अपमान कर रहे हैं राहुल गांधी : भाजपा - Sabguru News
होम Delhi सैनिकों के बलिदान का अपमान कर रहे हैं राहुल गांधी : भाजपा

सैनिकों के बलिदान का अपमान कर रहे हैं राहुल गांधी : भाजपा

0
सैनिकों के बलिदान का अपमान कर रहे हैं राहुल गांधी : भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लद्दाख में सैन्य गतिरोध को लेकर ताजा बयान की निंदा करते हुए आज कहा कि वह गलवान घाटी में वीरगति प्राप्त करने वाले 20 सैनिकों के बलिदान का अपमान कर रहे हैं जबकि उनके परिवार ने चीन के हाथों हजारों किलोमीटर की ज़मीन गंवा दी थी।

भाजपा के प्रवक्ता जीवीएल नरसिंह राव ने यहां संवाददाताओं से कहा कि गांधी परिवार के नेतृत्व वाली विभिन्न सरकारों के कार्यकाल के दौरान उन्होंने 43 हजार वर्ग किलोमीटर से अधिक भारत की ज़मीन चीन के हाथों गंवा दी और आज वह दिन रात झूठ बोलने में लगे हैं।

इससे पहले राहुल गांधी ने कहा था कि चीनियों ने भारतीय भूभाग पर कब्ज़ा कर लिया है और सच्चाई को छुपाना और उन्हें ज़मीन हथियाने देना राष्ट्रविरोधी कृत्य और लोगों के सामने सच्चाई लाना देशभक्ति है।

नरसिंह राव ने कहा कि कांग्रेस और उसकी अध्यक्ष को देश के लोगों से भारत की ज़मीन दुश्मन के हाथों खोने के लिए माफी मांगनी चाहिए। गांधी बार बार झूठ दोहरा कर उसे सच साबित करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि गांधी उन बहादुर सैनिकों का अपमान कर रहे हैं जिन्होंने देश और उसकी सीमाओं की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि गांधी ने अपनी गलतियों से अब तक कुछ नहीं सीखा है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के समय सैनिकों का अपमान किया, फिर बालाकोट स्ट्राइक के समय और अब फिर उन्होंने यही किया है।

राजस्थान के बारे में एक सवाल पर उन्होंने कहा कि वहां जो कुछ हो रहा है, वह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। कांग्रेस राज्यपाल पर इसलिए आरोप लगा रही है ताकि वह अंदरूनी गड़बड़ियों से जनता का ध्यान भंग कर सके। यदि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार नहीं चला पा रहे हैं तो उन्हें त्यागपत्र दे देना चाहिए।

कांग्रेस के भाजपा पर राजस्थान की सरकार को गिराने की कोशिश करने के आरोपों पर नरसिंह राव ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में 50 से अधिक निर्वाचित सरकारों को अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर गिराया था।