Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
लगातार आठवें साल मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में हारा पहला मैच - Sabguru News
होम Sports Cricket लगातार आठवें साल मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में हारा पहला मैच

लगातार आठवें साल मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में हारा पहला मैच

0
लगातार आठवें साल मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में हारा पहला मैच

अबु धाबी। आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस को शनिवार को अबु धाबी में हुए आईपीएल-13 के उद्घाटन मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों पांच विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी और इसी के साथ मुंबई ने लगातार आठवें साल आईपीएल में अपना पहला मैच गंवा दिया। हालांकि इन आठ वर्षों में मुंबई ने आगे चलकर चार बार खिताब पर कब्जा किया।

मुंबई को अपने पहले मैच में दूसरी बार चेन्नई के हाथों हार झेलनी पड़ी है। मुंबई की पहले मैच में हार का यह सिलसिला 2013 से जारी है। उस वर्ष रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु ने मुंबई पहले मैच में दो रनों से हराया था। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2014 में मुंबई को 41 रनों से हराया था।

मुंबई का पहले मैच में हार का सिलसिला 2015 में भी जारी रहा और उसे कोलकाता के हाथों सात विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इसके बाद 2016 में आईपीएल-9 की नयी टीम राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स ने मुंबई को नौ विकेट से हराकर अपनी जोरदार शुरुआत की थी। आईपीएल के 10वें संस्करण में भी मुंबई की हार का सिलसिला जारी रहा और उसे एक बार फिर वर्ष 2017 में पुणे सुपरजाएंट्स के हाथों सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

आईपीएल में दो वर्षों के लिए निलंबित रही चेन्नई ने 2018 में वापसी करते हुए महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में अपने पहले मैच में मुंबई को रोमांचक मुकाबले में एक विकेट हराया। इसके बाद 2019 में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई को 37 रनों से मात दी। आईपीएल के 13वें संस्करण में भी मुंबई का पहले मैच में हार का सिलसिला नहीं थमा और धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई ने मुंबई को पांच विकेट से मात दी।

आईपीएल में चेन्नई ने इससे पहले मुंबई को 2018 में एक विकेट से मात दी थी। उसके बाद दोनों टीम के बीच हुए छह मुकाबलों में चेन्नई की यह पहली जीत है।

इन आठ वर्षों में मुंबई की अगुवाई रोहित शर्मा ने की है और इस दौरान मुंबई ने चार बार खिताब जीता है। मुंबई ने अपना पहला खिताब आईपीएल के छठे संस्करण में वर्ष 2013 में जीता था और इसके बाद टीम 2015, 2017, 2019 में भी खिताब जीतने में सफल रही।