Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
हाथरस के लिए निकले राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा, बैरंग वापस लौटे - Sabguru News
होम Breaking हाथरस के लिए निकले राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा, बैरंग वापस लौटे

हाथरस के लिए निकले राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा, बैरंग वापस लौटे

0
हाथरस के लिए निकले राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा, बैरंग वापस लौटे

नोएडा। उत्तर प्रदेश के हाथरस में हैवानियत की शिकार लड़की के परिजनों से मिलने के निकले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस वे पर हिरासत में ले लिया जिसके बाद दोनों को वापस दिल्ली का रूख करना पड़ा।

गांधी अपनी बहन एवं पार्टी महासचिव प्रियंका के साथ काफिले के रूप में हाथरस के लिए निकले थे लेकिन ग्रेटर नोएडा में उनका रास्ता पुलिस ने रोक दिया और हाथरस जिले में निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए वापस लौट जाने को कहा लेकिन दोनो नेता पुलिस की अपील की अनसुना करते हुए चिलचिलाती धूप में समर्थकों के साथ यमुना एक्सप्रेस वे पर पैदल ही चल दिए।

अभी वे दो तीन किमी ही चले थे कि पुलिस ने एक बार फिर उनका रास्ता रोक लिया और वापस जाने की अपील की। पैदल मार्च को लेकर कांग्रेसी नेताओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। इस दौरान गांधी धक्कामुक्की के दौरान लड़खड़ा गए जिसे साथ चल रहे समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों ने संभाला। बाद में पुलिस राहुल प्रियंका को ग्रेटर नोएडा के एक गेस्ट हाउस में ले गई जहां देर शाम दोनो को रिहा कर दिया गया।

रिहा होने के बाद प्रियंका वाड्रा ने हाथरस में पीड़िता के पिता और जिलाधिकारी की बातचीत के एक वीडियो के साथ ट्वीट किया कि यूपी सरकार किसी को पीड़िता के गांव जाने से क्यों रोक रही है उसका जवाब यहां है। पीड़िता के परिवार को हाथरस डीएम जाकर धमका रहे हैं। न मीडिया जा पाएगा, न हम लोग तो यूपी सरकार पीड़िता के परिवार को खुलकर धमका पाएगी। ये लोग अत्याचारी हैं।

हाथरस में सामूहिक बलात्कार और हैवानियत की शिकार पीड़िता की मंगलवार को दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में मृत्यु हो गई थी जिसके बाद हाथरस जिला प्रशासन ने परिजनों के विरोध के बावजूद उसका अंतिम संस्कार बुधवार बीच रात करीब ढाई बजे कर दिया था।

कांग्रेस ने घटना का कड़ा विरोध जताते हुए बुधवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन किया था और प्रियंका वाड्रा ने फोन पर पीड़िता के परिजनों से बात की थी। इसी कड़ी में गुरूवार को प्रियंका और राहुल काफिले के साथ हाथरस में पीड़िता के परिजनों से मिलने के लिए निकले लेकिन उनके काफिले को ग्रेटर नोएडा पुलिस ने रोक लिया, जिसके बाद वे पैदल ही हाथरस के लिए निकल गए।

पार्टी के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बताया कि प्रियंका और राहुल हाथरस कांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहे थे कि पुलिस ने उनके काफिले को परी चौक इलाके में रोक लिया। यमुना एक्सप्रेस वे पर रोके जाने के बाद प्रियंका और राहुल पैदल ही हाथरस के लिये रवाना हो गये। अभी वे दो तीन किमी ही चले थे कि पुलिस ने उनका रास्ता फिर रोक लिया और वापस जाने को कहा।

गांधी के आगे जाने पर अडिग रहने से पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई। इस बीच पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष लड़खड़ा कर गिर गए। उनके साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें किसी तरह संभाला। बाद में पुलिस राहुल और प्रियंका को साथ लेकर चली गई। दोनों नेताओं को ग्रेटर नोएडा के फार्मूला वन गेस्ट हाउस में रखा गया है।

प्रियंका वाड्रा ने ट्वीट किया कि हाथरस जाने से हमें रोका। राहुल जी के साथ हम सब पैदल निकले तो बारबार हमें रोका गया, बर्बर ढंग से लाठियां चलाईं। कई कार्यकर्ता घायल हैं। मगर हमारा इरादा पक्का है। एक अहंकारी सरकार की लाठियाँ हमें रोक नहीं सकतीं। काश यही लाठियाँ, यही पुलिस हाथरस की दलित बेटी की रक्षा में खड़ी होती।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। लड़कियों और महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है लेकिन संवेदनहीन योगी सरकार आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

इससे पहले प्रियंका वाड्रा ने पीड़िता के पिता के बयान से सबंधित वीडियो के साथ ट्वीट किया , हाथरस की बेटी के पिता का बयान सुनिए। उन्हें जबरदस्ती ले जाया गया। सीएम से वीसी के नाम पर बस दबाव डाला गया। वो जांच की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। अभी पूरे परिवार को नजरबंद रखा है। बात करने पर मना है। क्या धमकाकर उन्हें चुप कराना चाहती हैं सरकार। अन्याय पर अन्याय हो रहा है।

उन्होने एक अन्य ट्वीट में कहा कि हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी। लड़की का बलात्कार कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई। यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है। जनता को जवाब चाहिए।