Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कोटा उत्तर में बनेगा कांग्रेस का बोर्ड, दक्षिण में चाबी निर्दलीयों के हाथ - Sabguru News
होम Breaking कोटा उत्तर में बनेगा कांग्रेस का बोर्ड, दक्षिण में चाबी निर्दलीयों के हाथ

कोटा उत्तर में बनेगा कांग्रेस का बोर्ड, दक्षिण में चाबी निर्दलीयों के हाथ

0
कोटा उत्तर में बनेगा कांग्रेस का बोर्ड, दक्षिण में चाबी निर्दलीयों के हाथ

कोटा। राजस्थान में कोटा के दो नगर निगमों में से कोटा उत्तर में एक ओर जहां कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत हासिल मिला है वहीं कोटा दक्षिण में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी एक बराबर सीटें आने के कारण अब चाबी आठ निर्दलीयों के हाथों में है जो चुनाव जीते हैं।

कोटा नगर निगम (उत्तर) की 70 सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल की है। कांग्रेस में 70 में से 47 सीटों पर कब्जा जमाया। भाजपा के हाथ केवल 14 सीटें लगी जबकि 9 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। कांग्रेस की दृष्टि से सबसे अप्रत्याशित परिणाम कोटा नगर निगम (दक्षिण) की 80 सीटों के रहे।

कोटा दक्षिण क्षेत्र जिसे हमेशा से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है और जहां भाजपा को हराना काफी मुश्किल है। यहां तक की विधानसभा सीटों के परिसीमन के बाद नई बनी कोटा दक्षिण विधानसभा सीट पर अब तक हुए दो चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ही जीत हासिल की है।

इस बार यह पहला अवसर था जब राज्य के नगरीय एवं स्वास्थ्य शासन मंत्री शांति धारीवाल ने न केवल कोटा उत्तर में बल्कि कोटा दक्षिण पर सबसे अधिक ध्यान केंद्रित किया जिसका नतीजा यह निकला कि यह पहले से ही माना जा रहा था कि इस निगम में भाजपा का बोर्ड सरलता से बन जाएगा लेकिन नतीजे इन आशाओं के बिल्कुल विपरीत है और जहां कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी 36-36 सीटें जीतकर बराबरी पर रही, जबकि आठ सीटों पर निर्दलीय चुनाव जीत जाने से अब यह किसका महापोर बनेगा, इसकी चाबी निर्दलीय के हाथों में है।

हालांकि सत्ता पक्ष में होने के कारण कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यह आशा लगाए बैठे हैं कि वह निर्दलीयों को मना कर अपना महापौर बना पाने में सफल होंगे लेकिन भाजपा ने भी अब कोटा उत्तर में करारी हार के बाद पूरा ध्यान कोटा दक्षिण पर केंद्रित कर दिया है जो अब उनका गढ़ होने के कारण प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।

भाजपा के लिए एक तगड़ा झटका पिछले नगर निगम बोर्ड में उपमहापौर रही सुनीता व्यास की हार रही जिन्होंने इस बार वार्ड बदलकर कोटा दक्षिण के वार्ड संख्या 20 से चुनाव लड़ा था लेकिन वे चुनाव हार गई। व्यास को कोटा दक्षिण नगर निगम में भाजपा की ओर से महापौर पद का दावेदार भी माना जा रहा था।

कोटा दक्षिण से पूर्व में उपमहापौर रह चुके योगेंद्र खींची चुनाव जीत गए हैं और अब नैसर्गिक रूप से उन्हें भाजपा की ओर से महापौर पद का दावेदार माना जा रहा है। हालांकि अभी कुछ भी तय नहीं है क्योंकि प्राथमिक जद्दोजहद बोर्ड में बहुमत हासिल करने की होगी।