Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
बिहार में 11 सीट पर 1000 वोट से कम पर हुआ जीत हार का फैसला - Sabguru News
होम Bihar बिहार में 11 सीट पर 1000 वोट से कम पर हुआ जीत हार का फैसला

बिहार में 11 सीट पर 1000 वोट से कम पर हुआ जीत हार का फैसला

0
बिहार में 11 सीट पर 1000 वोट से कम पर हुआ जीत हार का फैसला

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार सांसें अटका देने वाली कांटे के टक्कर में 11 सीट पर 1000 से भी कम वोट से जीत-हार के हुए फैसले में यदि थोड़ा भी उलटफेर हो गया होता तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के हाथ से सत्ता फिसल जाती।

राज्य में सरकार बनाने के लिए जरूरी 122 के जादुई आंकड़े से महज तीन सीट अधिक जीतने वाला राजग 5 सीट मात्र 12 से 951 वोट के अंतर से न सिर्फ जीतने में कामयाब रहा बल्कि इसके दम पर सत्ता भी हासिल कर ली। कांटे के मुकाबले वाली 11 सीटों में से जनता दल यूनाइटेड ने सबसे अधिक चार और और उसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी ने एक सीट अपनी झोली में डाली। अन्य पांच सीटों में से तीन राष्ट्रीय जनता दल और एक-एक सीट भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी तथा निर्दलीय के खाते में गई।

इसी तरह इस बार 12 सीट पर जीत हार का फैसला 2000 से भी कम वोट के अंतर से हुआ। ऐसी 12 सीटों में से चार कांग्रेस, तीन राजद, तीन जदयू और दो भाजपा जीतने में कामयाब रही।

बिहार में इस बार सबसे नजदीकी मुकाबला हिलसा विधानसभा क्षेत्र में हुआ जहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अत्री मुनि उर्फ शक्ति सिंह यादव मात्र 12 वोट से चुनाव हार गए। यादव को जदयू के कृष्ण मुरारी शरण ने पराजित किया। शरण को 61 हजार 848 मत हासिल हुआ वहीं यादव को 61 हजार 836 मत से संतोष करना पड़ा।

इसी तरह बरबीघा में जदयू के सुदर्शन कुमार ने कांग्रेस के गजानंद शाही को 113, भोरे में जदयू के सुनील कुमार ने भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के जितेंद्र पासवान को 462 और परबत्ता में जदयू के डॉ. संजीव कुमार ने राजद के दिगंबर प्रसाद तिवारी को 951 वोट से पराजित किया। वहीं, उसकी सहयोगी भाजपा के उम्मीदवार सुरेंद्र मेहता बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के अवधेश कुमार राय से मात्र 484 वोट के अंतर से चुनाव जीतने में सफल हुए।

दूसरी ओर महागठबंधन का सबसे बड़े घटक राजद के प्रत्याशी सुधाकर सिंह रामगढ़ में बहुजन समाज पार्टी के अंबिका सिंह से मात्र 189 वोट के अंतर से चुनाव जीतने में कामयाब हुए। इसी तरह डेहरी में राजद के फतेह बहादुर सिंह भाजपा के सत्यनारायण सिंह को 464 वोट और कुढ़नी में राजद के अनिल कुमार सहनी ने भाजपा के केदारनाथ गुप्ता को 712 वोट से पराजित किया।

वहीं, कांटे के मुकाबले में मटिहानी में लोजपा प्रत्याशी राजकुमार सिंह ने जदयू के नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह को 333 मत, चकाई में निर्दलीय सुमित कुमार सिंह ने राजद की सावित्री देवी को 581 मत और बखरी में भाकपा के सूर्यकांत पासवान ने भाजपा के राम शंकर पासवान को 777 मत से शिकस्त दी।

राज्य में दो हजार से भी कम वोट के अंतर से जिन 12 सीटों पर हार जीत का फैसला हुआ उनमें कांग्रेस ने भागलपुर में 1113, किशनगंज में 1381, राजापाकर में 1796, महाराजगंज में 1976, राजद ने कल्याणपुर में 1193, सिमरी बख्तियारपुर में 1759 और सीवान में 1973, भाजपा ने मुंगेर में 1244, परिहार में 1569, जदयू ने सकरा में 1537, महिषी में 1630 और झाझा में 1679 मत से जीत हासिल की।