Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राजग विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश के नाम पर लगेगी मुहर - Sabguru News
होम Bihar राजग विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश के नाम पर लगेगी मुहर

राजग विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश के नाम पर लगेगी मुहर

0
राजग विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश के नाम पर लगेगी मुहर

पटना। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के विधानमंडल दल की बैठक 15 नवंबर को होगी और उसमें नए मुख्यमंत्री के तौर पर श्री नीतीश कुमार के नाम पर मुहर लगेगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आवास पर राजग के चारों घटक दल के नेताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 15 नवंबर को दोपहर साढ़े 12 बजे राजग के विधानमंडल दल की बैठक होगी और उसमें नेता के चयन के साथ ही अन्य सारी चीजें तय होगी।

कुमार ने कहा कि बैठक में निर्णय होने के बाद सरकार बनाने के लिए राज्यपाल के समक्ष दावा पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनिर्वाचित विधायकों की सूची राज्यपाल को सौंप दी गई है और उसके बाद अधिसूचना जारी हो गई है।

वर्तमान में जो विधायक हैं वे अब 16वीं विधानसभा के सदस्य नहीं हैं। इसलिए, आज मंत्रिमंडल की बैठक जरूरी है। बैठक में जो भी निर्णय लिए जाएंगे और जो सिफारिश की जाएगी उसकी जानकारी बाद में मीडिया को दे दी जाएगी। मंत्रिमंडल की आज होने वाली बैठक में 16वीं बिहार विधानसभा को भंग करने की सिफारिश की जाएगी।

राजग की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता सुशील कुमार मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी, वरिष्ठ नेता आरसीपी सिंह, विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र यादव और संजय झा मौजूद थे।

निर्दलीय चुनाव जीते सुमित सिंह देंगे जदयू को समर्थन

बिहार के चकाई विधान सभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव जीते सुमित सिंह जनता दल युनाइटेड को समर्थन देंगे। सिंह ने आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री के सरकारी आवास एक अणे मार्ग में नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान सिंह ने नई सरकार में अपनी भूमिका के संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा की है।

चकाई के नवनिर्वाचित विधायक सिंह पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह के पुत्र हैं। वह इससे पहले भी चकाई से ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के टिकट पर चुनाव जीते थे और बाद में वह जदयू में शामिल हो गए थे। इस बार उन्हें जदयू से टिकट नहीं मिला, जिसके कारण वह निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गए थे।