Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
बीजेपी की बृजलता हाडा अजमेर नगर निगम की महापौर बनी - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer बीजेपी की बृजलता हाडा अजमेर नगर निगम की महापौर बनी

बीजेपी की बृजलता हाडा अजमेर नगर निगम की महापौर बनी

0
बीजेपी की बृजलता हाडा अजमेर नगर निगम की महापौर बनी


अजमेर।
राजस्थान में अजमेर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की बृजलता हाडा महापौर निर्वाचित हुई हैं। हाडा निगम की पहली महिला महापौर बनी है। महापौर के लिए हुए मतदान में उन्होंने 61 मत हासिल किए। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी द्रौपदी देवी कोली को 42 मतों से हराया। कांग्रेस उम्मीदवार को केवल 19 वोट मिले।

आज सुबह शुरू हुए मतदान के लिए रिटर्निंग अधिकारी अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) गजेंद्र सिंह राठौड़ ने मतदान प्रक्रिया शुरू कराई और यह प्रक्रिया दो बजे से पहले ही पूर्ण कर ली गई। इस बीच अजमेर नगर निगम परिसर मतदान स्थल के बाहर अंदर प्रवेश को लेकर कांग्रेस भाजपा के लोगों ने जमकर नारेबाजी की जिसे पुलिस के सुरक्षा तंत्र ने सफल नहीं होने दिया।

भाजपा के सभी पार्षदों को एक ही बस में मतदान के लिए जयपुर से अजमेर लाया गया। अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए गत 28 जनवरी को हुए चुनाव में 48 पार्षदों के साथ भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। कांग्रेस ने 18, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक तथा तेरह निर्दलीयों ने जीत हासिल की थी। अब सोमवार को उपमहापौर के लिए चुनाव होगा जिसमें भाजपा उम्मीदवार के ही उपमहापौर बनने की संभावना है।

केकड़ी एवं सरवाड़ में कांग्रेस तथा बिजयनगर में भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित

राजस्थान में अजमेर जिले की केकड़ी एवं सरवाड़ नगरपालिकाओं में कांग्रेस के अध्यक्ष निर्वाचित हुए है जबकि बिजयनगर नगरपालिका में भाजपा की उम्मीदवार ने बाजी मारी है।

केकड़ी नगरपालिका में कांग्रेस के कमलेश साहू अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए है। इन्हें 24 मत मिले जबकि भाजपा के मिश्रीलाल डसाणिया 16 मत हासिल कर पिछड़ गए। केकड़ी नगरपालिका के 40 वार्डों में कांग्रेस के 21, भाजपा के 17 तथा दो निर्दलीय पार्षद विजयी हुए।

सरवाड़ नगरपालिका में भी कांग्रेस की छगन कंवर राठौड़ अध्यक्ष निर्वाचित घोषित की गई है। इन्हें 17 मत मिले जबकि भाजपा की शारदा देवी माली पराजित हुई। इन्हें सात मत मिले।

सरवाड़ नगरपालिका के 24 वार्डों में से 15 पार्षद कांग्रेस के, आठ भाजपा और दो निर्दलीय निर्वाचित हुए थे। केकड़ी और सरवाड़ नगरपालिका चुनाव प्रदेश के चिकित्सा मंत्री और क्षेत्रीय विधायक डॉ. रघु शर्मा की राजनीतिक प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ था। डॉ. शर्मा अपनी प्रतिष्ठा के साथ साथ क्षेत्र में कांग्रेस की प्रतिष्ठा भी कायम रखते हुए दोनों पालिकाओं में कांग्रेस का बोर्ड बनाने में सफल रहे है।

बिजयनगर नगरपालिका में भाजपा की अनिता मेवाड़ा अध्यक्ष निर्वाचित घोषित की गई है। उन्होंने कांग्रेस की ज्योति यादव को एक मत से शिकस्त दी। अनिता को 18 तथा ज्योति को 17 मत मिले।

बिजयनगर के 35 वार्डों में 18 पर भाजपा, 14 पर कांग्रेस तथा तीन निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे। इस तरह अजमेर जिले में निकाय चुनाव के तहत अजमेर नगर निगम में महापौर, किशनगढ़ नगर परिषद में सभापति तथा बिजयनगर में अध्यक्ष पर भाजपा ने अपना कब्जा कायम किया तो केकड़ी एवं सरवाड़ नगरपालिका में कांग्रेस ने बाजी मारी।

किशनगढ़ नगर परिषद में भाजपा के दिनेश सिंह राठौड़ बने सभापति

अजमेर जिले के किशनगढ़ नगर परिषद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिनेश सिंह राठौड़ सभापति निर्वाचित हुए हैं। किशनगढ़ में भाजपा अपना बोर्ड बनाने में सफल रही और उसके उम्मीदवार श्री राठौड़ परिषद के सभापति निर्वाचित घोषित किए गए है। उन्होंने कांग्रेस के प्रदीप अग्रवाल को 12 मतों से मात दी। इस चुनाव में राठौड़ को 36 तथा श्री अग्रवाल को 24 मत मिले।

उल्लेखनीय है कि किशनगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों में भाजपा ने बहुमत हासिल किया था। निकाय के गत 28 जनवरी को हुए चुनाव में भाजपा ने 36, कांग्रेस ने 17 तथा निर्दलीयों ने सात सीटें जीती थी।

अजमेर नगर निगम चुनाव : उपमहापौर प्रत्याशी के लिए भाजपा में कशमकश